सिंगापुर है लग्जरी सामान की खरीदारी में दुनिया का सबसे महंगा शहर, लंदन को दूसरा स्थान
क्या है खबर?
अमीर लोगों को यात्रा करते समय लग्जरी सामान खरीदना पसंद होता है, जो एक तरह का स्टेटस सिंबल बन जाता है। दुनियाभर में ऐसे कई शहर हैं, जहां तरह-तरह के लग्जरी सामान मिल जाते हैं। जूलियस बेयर ने 2025 की ग्लोबल वेल्थ एंड लाइफस्टाइल रिपोर्ट प्रकाशित की है, जिसमें लग्जरी खरीदारी के लिहाज से दुनिया के सबसे महंगे शहरों की सूची निकाली गई है। इसके मुताबिक, लग्जरी पर खर्च करने के मामले में सिंगापुर दुनिया का सबसे महंगा शहर है।
रिपोर्ट
क्यों तैयार की जाती है यह रिपोर्ट?
जूलियस बेयर लाइफस्टाइल इंडेक्स विभिन्न प्रकार के उत्पादों का विश्लेषण करता है। ये अमीर लोगों के लिए अहम होते हैं, जिनके बैंक अकाउंट में कम से कम 8 करोड़ रुपये हों। रिपोर्ट के जरिए यह निर्धारित किया जाता है कि लग्जरी जीवन की लागत कितनी है। यह अध्ययन इस साल फरवरी-मार्च के बीच हुआ। सिंगापूर लगातार तीसरी बार पहला स्थान हासिल करने में कामयाब रहा। वहीं, लंदन ने हांगकांग को पीछे छोड़ते हुए इस साल दूसरा स्थान हासिल कर लिया।
सिंगापुर
सिंगापुर को क्यों दिया गया पहला स्थान?
सिंगापुर की आर्थिक और राजनीतिक ताकत और व्यापार-अनुकूल माहौल के कारण अमीर लोग यहां बार-बार आते हैं। जूते और गहनों पर खर्च करने के मामले में इसे सबसे महंगा शहर माना जाता है। जीवन-यापन की उच्च लागत के बावजूद, सिंगापुर को उसकी स्थिरता, सुरक्षा और अन्य देशों से जुड़े होने के कारण एशिया के सबसे रहने योग्य शहरों में से एक भी माना जाता है। यहां के स्थानीय लोग खान-पान, स्वास्थ्य देखभाल और शिक्षा पर ज्यादा खर्च करते हैं।
लंदन
इस साल बढ़ी यूरोप के शहरों की रैंकिंग
पिछले साल की सूची में लंदन को तीसरा स्थान दिया गया था। हालांकि, इस साल हांगकांग एक पायदान गिरकर तीसरे स्थान पर आ गया और लंदन को दूसरा स्थान मिल गया। सूची में अन्य यूरोपीय शहरों की रैंकिंग भी सुधरी और ज्यूरिख को छठा स्थान दिया गया। पिछले साल, यूरोप, मध्य पूर्व और अफ्रीका रहने के लिए सबसे किफायती क्षेत्र थे। हालांकि, मुद्राओं के निराशाजनक प्रदर्शन के चलते अब ये सबसे महंगे स्थानों में से एक बन गए हैं।
शीर्ष 10
लग्जरी पर खर्च करने के लिए 10 सबसे महंगे शहर कौन-से हैं?
जैसा की हमने पहले बताया, इस सूची में पहला स्थान सिंगापुर, दूसरा लंदन और तीसरा हांगकांग को दिया गया। वहीं, चौथा स्थान चीन के शंघाई, पांचवी रैंकिंग यूरोप के मोनाको और छठी जगह ज्यूरिख को मिली है। शीर्ष 10 में अमेरिका का केवल न्यूयॉर्क शहर अपनी जगह बना पाया, जिसे 7वां स्थान मिला। इसके अलावा, फ्रांस के पेरिस को 8वीं, ब्राजील के साओ पाउलो को 9वीं और इटली के मिलान को 10वीं रैंकिंग दी गई।