LOADING...
सूर्योदय का खूबसूरत नजारा देखने के लिए करें इन जगहों का रुख, नहीं भूल पाएंगे अनुभव
सूर्योदय देखने के लिए करें इन जगहों की यात्रा

सूर्योदय का खूबसूरत नजारा देखने के लिए करें इन जगहों का रुख, नहीं भूल पाएंगे अनुभव

लेखन सयाली
Mar 11, 2025
04:31 pm

क्या है खबर?

सूरज को उगते हुए देखना एक शानदार अनुभव होता है, जो मन को शांत करने में मदद करता है। भारत में कई ऐसे स्थान मौजूद हैं, जहां से आप प्रकृति की इस अद्भुत कला का अनुभव कर सकते हैं। चाहे वह पहाड़ों की ऊंचाई हो या समुद्र तट की शांति, हर जगह पर सूर्योदय देखने का अपना खास अनुभव होता है। आप सूर्योदय देखें के लिए भारत की इन जगहों की यात्रा कर सकते हैं।

#1

कन्याकुमारी

कन्याकुमारी भारत के दक्षिणी छोर पर स्थित है, जो अपने अनोखे सूर्योदय और सूर्यास्त के लिए प्रसिद्ध है। यहां बंगाल की खाड़ी, अरब सागर और हिंद महासागर नामक 3 समुद्रों का संगम शामिल होता है। यह स्थान एक ऐसा दृश्य प्रदान करता है, जिसे देखकर आपकी आंखें खुली रह जाएंगी। सुबह-सुबह जब सूर्य धीरे-धीरे क्षितिज पर उभरता है तो उसका प्रतिबिंब पानी पर पड़ता है। यह मन को मोह लेने वाला दृश्य आपको जीवनभर याद रहेगा।

#2

वाराणसी

वाराणसी में गंगा नदी के किनारे बैठकर सूर्योदय देखना एक आध्यात्मिक अनुभव हो सकता है। यहां सुबह-सुबह घाटों पर होने वाली आरती और मंत्रोच्चार वातावरण को पवित्र कर देते हैं। जैसे ही सूर्य की पहली किरणें गंगा नदी पर पड़ती हैं, पूरा माहौल सुनहरी रोशनी से भर जाता है। यह दृश्य न केवल आंखों को सुकून देता है, बल्कि आत्मा को भी शांति प्रदान करता है। साथ ही इस शहर का खाना भी आपके मन को जरूर भाएगा।

Advertisement

#3

माउंट आबू

राजस्थान में स्थित माउंट आबू अरावली पर्वत श्रृंखला का हिस्सा है, जहां सूर्योदय देखना खास अनुभव होता है। यहां की सबसे ऊंची चोटी गुरु शिखर से उगते हुए सूर्य को देखना अविस्मरणीय होता है। ठंडी हवा और चारों ओर फैली हरियाली इस अनुभव को और खास बना देती हैं। सूरज की पहली किरणें जब पर्वतों पर पड़ती हैं, तो पूरा वातावरण सुनहरी रोशनी से भर जाता है। इससे मन को शांति मिलती है और खुशी की अनुभूति होती है।

Advertisement

#4

कच्छ का रण

गुजरात में स्थित कच्छ का रण अपने सफेद रेगिस्तानी के लिए मशहूर है। यहां का सूर्योदय आपकी यात्रा को और भी शानदार बना सकता है। जब सुबह की पहली किरणें इस सफेद रेगिस्तान पर पड़ती हैं तो यह सुनहरे रंग में बदल जाता है। यह नजारा इतना मनमोहक होता है कि इसे शब्दों में बयान करना मुश्किल होता है। यहां की शांति और प्राकृतिक सुंदरता मन को सुकून देती है और आपको प्रकृति के करीब लाती है।

#5

पुरी

पुरी समुद्र तट ओडिशा राज्य का एक बहुत ही लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। इस समुद्र तट पर बैठकर सूरज को उगते हुए देखना बेहद सुखदायक होता है। जैसे-जैसे सूर्य क्षितिज से ऊपर उठता है, उसकी किरणें पानी पर चमकने लगती हैं, जिससे पूरा वातावरण जीवंत हो उठता है। यहां की ठंडी हवा और लहरों की आवाज इस अनुभव को और भी खास बना देती हैं। सुबह-सुबह का नजारा मन को शांति और सुकून प्रदान करता है।

Advertisement