बेरीज बनाम जामुन: गर्मियों में किसका सेवन करना स्वास्थ्य के लिए है ज्यादा बेहतर?
क्या है खबर?
गर्मियों के दौरान फलों का सेवन शरीर को हाइड्रेट करने समेत कई पोषक तत्व प्रदान कर सकता है, इसलिए आहार विशेष भी इन्हें डाइट में शामिल करने की सलाह देते हैं।
बेरीज और जामुन उन्हीं में शामिल फल हैं, जो कई गुणों से भरपूर होते हैं। हालांकि, जब चिलचिलाती गर्मी के दिनों के दौरान स्वास्थ्य की बात आती है तो इनमें से क्या बेहतर है?
आइए इन दोनों की पोषण संबंधी प्रोफाइल और लाभों के बारे में विस्तार से जानें।
पोषण
बेरीज और जामुन में मौजूद पोषक तत्व
स्ट्रॉबेरी, ब्लूबेरी, रसभरी और ब्लैकबेरी सहित अन्य बेरीज में एंटी-ऑक्सीडेंट्स की उच्च मात्रा मौजूद होती हैं। ये विटामिन-C, विटामिन-K, फाइबर,मैंगनीज और पोटेशियम जैसे कई आवश्यक खनिजों से भरपूर होती हैं।
दूसरी ओर, जामुन को ब्लैक प्लम भी कहा जाता है, जो विटामिन-A, विटामिन-C, आयरन, कैल्शियम और पोटेशियम से युक्त होते हैं। इनमें एंथोसायनिन नामक शक्तिशाली एंटी-ऑक्सीडेंट्स होते हैं। इसके अतिरिक्त जामुन में कैलोरी कम और फाइबर अधिक होता है।
बेरीज
बेरीज से मिलने वाले स्वास्थ्य लाभ
बेरीज का सेवन हानिकारक कोलेस्ट्रॉल को कम और संतुलित रखने में मदद कर सकता है। इससे कई हृदय संबंधी बीमारियों से बचा जा सकता है।
इसके अतिरिक्त ये इम्यूनिटी को बढ़ाने और कोलेजन उत्पादन का समर्थन करने में भी सक्षम हैं।
वहीं बेरीज में मौजूद गुण ब्रेन फंक्शन में सुधार करने, हड्डियों को मजबूती प्रदान करने और पाचन को दुरुस्त रखने में भी सहायक हो सकती हैं।
यहां जानिए अलग-अलग बेरीज से मिलने वाले फायदे।
जामुन
जामुन के फायदे
जामुन में मौजूद फाइबर शरीर में गैस्ट्रिक एंजाइम के उत्पादन को संतुलित करके पाचन क्रिया को बेहतर बनाने का काम कर सकता है।
जामुन खराब कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करके खून को साफ करने का काम कर सकता है और लिवर संबंधी परेशानियों से बचाए रखने में मददगार साबित हो सकता है।
जामुन का सेवन ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित रखने में भी कारगर साबित हो सकता है।
चयन
गर्मियों में किसका सेवन करना ज्यादा फायदेमंद है?
अगर आपको पौष्टिकता और फायदे के लिहाज से बेरीज और जामुन में से किसी एक को चुनना है तो इस मामले में बेरीज अच्छा विकल्प हैं।
हालांकि, जामुन भी कई पोषक तत्वों से भरपूर होने के साथ-साथ कैलोरी में कम होते हैं, जिस कारण वजन घटाने वालों के लिए इसका चयन करना ज्यादा बेहतर है।
इसलिए दोनों फलों का चयन मुख्य तौर पर व्यक्ति की जरूरत और स्वास्थ्य स्थितियों पर निर्भर करता है।