LOADING...
शाहरुख खान के राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने से गदगद एटली, लव लेटर लिखकर लुटाया 'जवान' पर प्यार 
शाहरुख खान की जीत से गदगद एटली

शाहरुख खान के राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने से गदगद एटली, लव लेटर लिखकर लुटाया 'जवान' पर प्यार 

Aug 02, 2025
12:48 pm

क्या है खबर?

शाहरुख खान ने अपने 33 साल के लंबे फिल्मी करियर में अब तक कई हिट, सुपरहिट और ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं। उन्हें अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए फिल्मफेयर समेत तमाम पुरस्कारों से नवाजा गया, लेकिन कभी राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार नहीं मिला था। उन्हें पहली बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से नवाजा जाएगा। इस जीत से न सिर्फ शाहरुख, बल्कि 'जवान' के निर्देशक एटली भी फूले नहीं समा रहे हैं, जिनकी फिल्म के लिए शाहरुख ने यह बड़ा सम्मान हासिल किया है।

खुशी

ये आपके लिए मेरा पहला प्रेम पत्र है सर- एटली

एटली ने सोशल मीडिया पर शाहरुख संग जवान के सेट से ली गईं अपनी तस्वीरें साझा कर लिखा, 'शाहरुख सर मैं बहुत खुश हूं। बड़ी खुशी है कि आपको हमारी फिल्म 'जवान' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। आपके सफर का हिस्सा बनकर बहुत भावुक और उत्साहवर्धक महसूस कर रहा हूं। मुझ पर भरोसा करने और मुझे यह फिल्म देने के लिए शुक्रिया। यह आपके लिए मेरा पहला लव लेटर है। आगे और भी बहुत कुछ आना बाकी है, सर।'

प्यार

एटली ने शाहरुख के लिए लिखा- मैं आपसे ढेर सारा प्यार करता हूं सर

एटली लिखते हैं, 'शुक्रिया गौरी खान मैम, और रेड चिलीज एंटरटेनमेंट हमें यह फिल्म देने के लिए। शाहरुख सर आपके पास होना अपने आप में एक बड़ा आशीर्वाद है। एक फैन बॉय के रूप में, आपके साथ काम करना और एक फिल्म बनाना भगवान का एक बहुत बड़ा आशीर्वाद है। इससे ज्यादा कुछ नहीं मांग सकता सर। मेरे लिए ये काफी है। मैं आपका सबसे बड़ा फैन हूं। आपसे प्यार करता हूं। आपसे प्यार करता हूं। ढेर सारा प्यार सर।'

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए पोस्ट

आभार

शाहरुख ने भी किया था एटली का शुक्रिया

शाहरुख ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की सूची सामने आने के बाद एक वीडियो शेयर कर कहा था, "राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार सिर्फ एक उपलब्धि नहीं है, यह याद दिलाता है कि मैं जो करता हूं, उसकी अहमियत है, यह मुझे आगे बढ़ने, मेहनत करने और सिनेमा की सेवा करते रहने के लिए कहता है, खासकर राजू सर, सिड (सिद्धार्थ आनंद) और एटली सर, साल 2023 में आपने बेहतरीन काम किया, मुझ पर भरोसा किया, आप लोगों का तह दिल से शुक्रिया।"

फिल्म

'जवान' थी एटली की पहली हिंदी फिल्म

शाहरुख की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'जवान' साल 2023 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। 'जवान' के निर्देशक एटली है। नयनतारा और विजय सेतुपति ने भी इस फिल्म में अभिनय किया था। इस फिल्म के जरिए एटली ने बॉलीवुड में कदम रखा था। यह उनके निर्देशन में बनी पहली हिंदी फिल्म थी। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, नेटफ्लिक्स पर मौजूद 'जवान' ने भारत में 640.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, वहीं दुनियाभर में यह फिल्म 1,160 करोड़ रुपये कमाए थे।