Page Loader
नेपाल है छुट्टियां मनाने के लिए आदर्श स्थान, जानें इस देश के 5 मशहूर पर्यटन स्थल

नेपाल है छुट्टियां मनाने के लिए आदर्श स्थान, जानें इस देश के 5 मशहूर पर्यटन स्थल

लेखन सयाली
Jul 02, 2024
09:56 pm

क्या है खबर?

मानसून के मौसम में बारिश का मजा लेने के लिए आप नेपाल की यात्रा की योजना बना सकते हैं। यह हिमालय की गोद में बसा हुआ एक बेहद सुंदर देश है। नेपाल भारतियों के लिए एक वीजा-मुक्त देश है, जिसके कारण आप केवल पहचान पत्र दिखाकर आसानी से यहां प्रवेश कर सकते हैं। यहां के खूबसूरत पहाड़ और स्वादिष्ट भोजन आपका मन मोह लेंगे। आइए जानते हैं नेपाल में घूमने लायक 5 सबसे मशहूर पर्यटन स्थल।

#1

जानकी मंदिर 

मधेश प्रांत स्थित जनकपुर में जानकी मंदिर का निर्माण 1874 में किया गया था, जो मुगल और स्थानीय वास्तुकला का मिश्रण है। यह मंदिर एक 3 मंजिला इमारत है और इसमें 60 कमरे हैं, जो इसे नेपाल का सबसे बड़ा मंदिर बनाता है। जानकी मंदिर में श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए हजारों की संख्या में तीर्थयात्री यहां आते हैं। इस भव्य मंदिर में माता सीता की एक प्रतिमा है, जो भगवान राम की नगरी अयोध्या के पास पाई गई थी।

#2

बर्दिया राष्ट्रीय उद्यान 

लुंबिनी प्रांत के दक्षिणी तराई बेल्ट में स्थित बर्दिया राष्ट्रीय उद्यान पृथ्वी के सबसे राजसी जानवरों में से एक रॉयल बंगाल टाइगर का घर है। 968 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला यह पार्क नेपाल के सबसे महत्वपूर्ण संरक्षित क्षेत्रों में से एक माना जाता है। यह उन लोगों के लिए एक बढ़िया जगह है, जो बाघ और अन्य जानवरों की एक झलक देखना चाहते हैं। यहां की करनाली नदी में कई बार लोगों को डॉलफिन भी दिखाई दे चुकी हैं।

#3

अन्नपूर्णा बेस कैंप 

गंडकी प्रांत स्थित अन्नपूर्णा बेस कैंप में आप ट्रेक कर सकते हैं, जो समुद्र तल से 4,130 मीटर ऊपर है। इस जगह का 5 दिवसीय ट्रेक सांस्कृतिक विविधता, नेपाली गांव और अन्नपूर्णा की तलहटी में बसे वनस्पतियों और जीवों की झलक पेश करता है। पोखरा से अन्नपूर्णा बेस कैंप की दूरी 81 किलोमीटर है। यह नेपाल के सबसे छोटे और बजट-अनुकूल ट्रेक में से एक है। आप जुलाई में पश्चिम बंगाल के इन पहाड़ी इलाकों की यात्रा कर सकते हैं।

#4

पोखरा

पोखरा मध्य नेपाल में फेवा झील पर स्थित एक खूबसूरत शहर है। इसे अन्नपूर्णा सर्किट के प्रवेश द्वार के रूप में जाना जाता है, जो हिमालय का एक लोकप्रिय मार्ग है। इस शहर के पूर्वी तट पर योग केंद्र और कई रेस्तरां स्थित हैं। इस शहर के दक्षिण में अंतरराष्ट्रीय पर्वत संग्रहालय में पर्वतारोहण के इतिहास और हिमालय के लोगों पर आधारित कई प्रदर्शनियां मौजूद हैं। आप यहां की फेवा झील में नाव की सवारी करके नजारे देख सकते हैं।

#5

लिमी घाटी 

करनाली प्रांत में बसी लिमी घाटी में बेहद सुंदर बर्फीले पहाड़ हैं। 11वीं शताब्दी का हलजी मठ लिमी घाटी का मुख्य आकर्षण है, जो समृद्ध तिब्बती संस्कृति को दर्शाता है। समुद्र तल से 5,150 मीटर ऊपर ग्युओ खरका तक का ट्रेक, लिमी वैली ट्रेक की प्राथमिक विशेषता है। यह ट्रेक साइपाल, ब्यास ऋषि, एपी, कांजीरोवा और कांति पहाड़ों के शानदार दृश्य भी प्रदान करता है। लिमी घाटी से पवित्र कैलाश पर्वत और गोरलामडांडा सहित तिब्बत की चोटियां भी दिखती हैं।