Page Loader
लक्षद्वीप में खरीदारी के लिए इन 5 बाजारों का करें रुख

लक्षद्वीप में खरीदारी के लिए इन 5 बाजारों का करें रुख

लेखन गौसिया
Jan 14, 2024
09:20 am

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लक्षद्वीप के दौरे के बाद से ही कई लोग इस केंद्र शासित प्रदेश की यात्रा की योजना बना रहे हैं। यहां पर आकर आप कई द्वीपों के खूबसूरत नजारे ले और मजेदार गतिविधियां कर सकते हैं। इन सब के अलावा आप यहां के बाजारों की तरफ रुख करके यहां की चीजें भी खरीद सकते हैं, जो आपको हमेशा लक्षद्वीप की यात्रा की याद दिलाएंगी। आइये आज खरीदारी के लिए लक्षद्वीप के 5 बाजार जानते हैं।

#1

को-ऑपरेटिव सोसाइटी सुपरमार्केट

लक्षद्वीप में मौजूद यह सुपरमार्केट कदमत द्वीप पर स्थित है, जो कम आबादी वाले द्वीपों में से एक है। यहां आपको भले ही कम चीजें मिलेंगी, लेकिन वो बहुत ही खास और अनोखी होंगी। यहां पर आपको समुद्री उत्पादों से लेकर स्मृति चिन्ह और किराने का सामान तक खरीद सकते हैं, इसलिए लक्षद्वीप जाएं तो इस बाजार का रुख जरूर करें। खरीदारी के अलावा लक्षद्वीप जाकर इन गतिविधियों का भी आनंद जरूर लें

#2

कोकोनट फाइबर फैक्ट्री

अगर आपको टिकाऊ उत्पाद पसंद है तो कावारत्ती द्वीप पर मौजूद कोकोनट फाइबर फैक्ट्री में जरूर जाएं। यह फैक्ट्री 1960 के दशक में स्थापित हुई थी और यह नारियल से जुड़े उत्पाद बनाती है, इसलिए इसका नाम भी कोकोनट फैक्ट्री है। यात्री यहां आकर इस फैक्ट्री का दौरा कर सकते हैं और नारियल फाइबर से बने उत्पाद जैसे चटाई, टोकरियां और अन्य सजावटी सामान भी खरीद सकते हैं।

#3

चाइना बाजार, कावारत्ती

अगर आप लक्षद्वीप में एक ही जगह पर रहकर ज्यादा से ज्यादा खरीदारी करने वाली जगह देख रहे हैं, तो कावारत्ती द्वीप पर मौजूद चाइना बाजार सबसे उप्युक्त है। यह बाजार इतना बड़ा है कि इसके कुछ हिस्सों में आप हार्डवेयर और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसी चीजें भी खरीद सकते हैं। इसके अलावा इस बाजार में आप सीपियों से बने स्मृति चिन्ह भी खरीद सकते हैं। यह आपकी लक्षद्वीप यात्रा की याद दिलाने के लिए सबसे बढ़िया चीज है।

#4

मोहम्मद मुस्तफा सुपर मार्केट

मोहम्मद मुस्तफा सुपर मार्केट भी लक्षद्वीप में खरीदारी के लिए सबसे अच्छी जगहों में से एक है। समुद्र तट के ठीक बगल में मौजूद इस बाजार में किराने का सामान, रोज इस्तेमाल होने वाली चीजें और अनोखी चीजें खरीदी जा सकती है। स्थानीय लोग इस बाजार ले ज्यादातर किराने वाली सामानों की खरीदारी करते हैं, इसलिए आप यहां से जरूरत वाली कोई भी चीज आसानी से खरीद सकते हैं।

#5

थवक्कल कपड़ों का बाजार

अगर आप लक्षद्वीप जाने की योजना बना रहे हैं तो वहां से एक आउटफिट खरीदना तो बनता है। इसके लिए आप थवक्कल बाजार का रुख कर सकते हैं, जो अगत्ती द्वीप के ऊपरी कोने पर मौजूद है। यहां पर आप बीचवियर और अन्य स्थानीय पोशाक की खरीदारी कर सकते हैं और स्ट्रीट शॉपिंग का लुत्फ भी उठा सकते हैं। लक्षद्वीप के अलावा इन भारतीय द्वीपों और समुद्र तटों पर भी घूमने की योजना बनाएं।