Page Loader
अपने मुंह को स्वस्थ और दांतों को मजबूत रखने के लिए आजमाएं ये 5 कारगर टिप्स

अपने मुंह को स्वस्थ और दांतों को मजबूत रखने के लिए आजमाएं ये 5 कारगर टिप्स

लेखन सयाली
Mar 24, 2024
07:43 am

क्या है खबर?

अपने दांतों का स्वास्थ्य बनाए रखना संपूर्ण शरीर को स्वस्थ रखने के लिए बेहद जरूरी होता है। जो लोग ठीक तरह से दांतों की देखभाल नहीं करते, उन्हें सड़न से लेकर मुंह के कैंसर जैसी कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अपने मुंह को स्वच्छ रखने और सही तरह से दांतों की देखभाल करने से इन समस्याओं के जोखिम को कम किया जा सकता है। अपने दांतों को सुंदर और साफ-सुथरा बनाने के लिए ये 5 टिप्स अपनाएं।

#1

करें दांतों की स्वच्छता के रूटीन का पालन 

मजबूत मसूड़ों और साफ दांत पाने के लिए दिन में कम से कम 2 बार फ्लोराइड वाले टूथपेस्ट से मंजन करना चाहिए। अपने दांतों की सभी सतहों को आहिस्ता से साफ करने के लिए नरम-ब्रिसल वाले टूथब्रश का इस्तेमाल करें। जीभ को साफ करना भी बेहद जरूरी होता है, जिसके लिए आप एक जीभी का इस्तेमाल करें। इसके अलावा फ्लॉसिंग से भोजन के कणों और प्लाक से छुटकारा पाने में मदद मिलती है।

#2

पौष्टिक भोजन का करें सेवन 

एसिड बनाने वाले और चीनी से भरपूर भोजन से मसूड़ों की बीमारी और दांतों की सड़न बढ़ सकती है। मिठाइयों, कार्बोनेटेड पेय पदार्थों और तले-भुने व्यंजनों का सेवन करने से दांतों में कीड़े लग सकते हैं। अपनी रोजाना की डाइट में फल, सब्जियां, लीन प्रोटीन और डेयरी उत्पाद जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करें। ये खाद्य पदार्थ कैल्शियम, विटामिन-C और फास्फोरस जैसे पोषक तत्व प्रदान करते हैं, जो स्वस्थ दांतों और मसूड़ों के लिए जरूरी हैं।

#3

समय-समय पर करवाएं दांतों की जांच

अपने स्वास्थ्य के लिहाज से आपको समय-समय पर दांतों के डॉक्टर के पास जाना चाहिए। नियमित रूप से दांतों की जांच कराने पर उनसे जुडी समस्याओं के बारे में पता लगाना आसान हो जाएगा। इससे आपको तत्काल उपचार मिलेगा और आप छोटी-बड़ी सभी मुंह के स्वास्थ्य से जुडी परेशानियों को जल्द ठीक करवा सकेंगे। दांतों के चिकित्सक दंत एक्स-रे और फ्लोराइड उपचार आदि प्रदान कर सकते हैं।

#4

नुकसान पहुंचाने वाली आदतों को बदलें 

धूम्रपान और तंबाकू चबाने से न केवल दांतों पर दाग पड़ते हैं, बल्कि मसूड़ों की बीमारी, दांत खराब होने और मुंह के कैंसर का खतरा भी बढ़ जाता है। यह आदतें इनेमल को नुकसान पहुंचाती हैं, जिससे दांतों में संवेदनशीलता और बाद में दर्द होता है। साथ ही शराब के सेवन से आपका मुंह सूख सकता है और बैक्टीरिया के विकास को बढ़ावा मिल सकता है। इससे दांतों में सड़न और मसूड़ों में सूजन हो सकती है।

#5

पर्याप्त मात्रा में पिएं पानी 

हमें अपने मूंह और दांतों के स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए। पानी भोजन के कणों को साफ करने और मुंह में एसिड को बेअसर करने में मदद करता है। इससे कैविटी और मसूड़ों की बीमारी का खतरा कम हो जाता है। हमें रोजाना कम से कम 8 गिलास पानी जरूर पीना चाहिए। यह हमारे संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होता है। दांतों को स्वस्थ रखने में मददगार होते हैं ये खाद्य पदार्थ।