Page Loader
कोरोना वायरस: आंध्र प्रदेश में रिकवरी रेट लगभग 99 प्रतिशत; अन्य राज्यों में क्या है हाल?

कोरोना वायरस: आंध्र प्रदेश में रिकवरी रेट लगभग 99 प्रतिशत; अन्य राज्यों में क्या है हाल?

Dec 20, 2020
07:50 pm

क्या है खबर?

भारत में कोरोना वायरस को मात देने वालों की प्रतिशत (रिकवरी रेट) 95.50 प्रतिशत हो गई है और देश में अब तक मिले 1,00,31,223 संक्रमितों में से 95,80,402 संक्रमित इस खतरनाक वायरस को मात दे चुके हैं। ज्यादातर राज्यों की भी लगभग यही स्थिति है, हालांकि एक-दो राज्य ऐसे हैं जहां रिकवरी रेट अभी भी कम बनी हुई है। आइए फिर रिकवरी रेट के मामले में सभी राज्यों के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

सबसे बेहतर

आंध्र प्रदेश और ओडिशा की रिकवरी रेट सबसे बेहतर

कोरोना वायरस से संक्रमण के एक लाख से अधिक मामलों वाले राज्यों में आंध्र प्रदेश की रिकवरी रेट सबसे अधिक है। देश के तीसरे सबसे अधिक प्रभावित राज्य आंध्र प्रदेश में अब तक कुल 8.78 लाख संक्रमितों में से लगभग 8.67 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं और उसकी रिकवरी रेट 98.70 प्रतिशत है। ओडिशा दूसरे नंबर पर काबिज है और यहां लगभग 3.26 लाख संक्रमितों में से 3.21 लाख (98.60 प्रतिशत) ठीक हो चुके हैं।

बेहतर प्रदर्शन

असम, झारखंड और बिहार में रिकवरी रेट 97 प्रतिशत से अधिक

असम बेहतर रिकवरी रेट के मामले में देश में चौथे नंबर पर है। राज्य में 2.15 लाख संक्रमितों में से लगभग 2.11 लाख कोरोना वायरस को मात दे चुके हैं और उसकी रिकवरी रेट 97.89 प्रतिशत है। झारखंड और बिहार में भी रिकवरी रेट 97 प्रतिशत से अधिक है। झारखंड में कुल 1.13 लाख संक्रमितों में से 1.10 लाख (97.58 प्रतिशत) और बिहार में 2.46 लाख संक्रमितों में से 2.39 लाख (97.33 प्रतिशत) संक्रमित ठीक हो चुके हैं।

अन्य राज्य

इन राज्यों में भी रिकवरी रेट 97 प्रतिशत से अधिक

तमिलनाडु, कर्नाटक और तेलंगाना तीन अन्य ऐसे राज्य हैं जहां रिकवरी रेट 97 प्रतिशत से अधिक है। देश के चौथे सबसे अधिक प्रभावित राज्य तमिलनाडु में कुल 8.06 लाख संक्रमितों में से 7.84 लाख संक्रमित ठीक हो चुके हैं और उसकी रिकवरी रेट 97.31 प्रतिशत है। वहीं दूसरे सबसे अधिक प्रभावित राज्य कर्नाटक में 9.08 लाख संक्रमितों में से लगभग 8.82 लाख (97.09 प्रतिशत) और तेलंगाना में 2.81 लाख संक्रमितों में से 2.73 लाख (97.01 प्रतिशत) ठीक हो चुके हैं।

बेहतर प्रदर्शन

दिल्ली और हरियाणा की रिकवरी रेट भी राष्ट्रीय औसत से बेहतर

दिल्ली और हरियाणा अन्य दो ऐसे राज्य हैं जहां रिकवरी रेट राष्ट्रीय औसत (95.50 प्रतिशत) से अधिक है। कोरोना वायरस के संक्रमण की तीन लहरों का सामना कर चुकी राजधानी दिल्ली में 6.16 लाख संक्रमितों में से 5.95 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं और उसकी रिकवरी रेट 96.65 प्रतिशत है। वहीं हरियाणा की रिकवरी रेट 96.54 प्रतिशत है और यहां 2.57 लाख मरीजों में से 2.48 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं।

ठीक-ठाक प्रदर्शन

इन राज्यों का प्रदर्शन भी ठीक-ठाक

उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में रिकवरी रेट राष्ट्रीय औसत से तो कम है, लेकिन इसे बुरी नहीं कह सकते। उत्तर प्रदेश में 5.73 लाख में से 5.48 लाख (95.51 प्रतिशत), जम्मू-कश्मीर में 1.18 लाख में से 1.12 लाख (94.99 प्रतिशत), राजस्थान में 2.98 लाख में से 2.83 लाख (94.84 प्रतिशत), बंगाल में 5.35 लाख में से 5.07 लाख (94.81 प्रतिशत) और महाराष्ट्र में 18.93 लाख में से 17.82 लाख (94.14 प्रतिशत) संक्रमित ठीक हो चुके हैं।

खराब प्रदर्शन

केरल का प्रदर्शन सबसे खराब, 90.95 प्रतिशत है रिकवरी रेट

एक लाख से अधिक संक्रमितों वाले राज्यों में केरल एकमात्र ऐसा राज्य है जिसकी रिकवरी रेट को राष्ट्रीय औसत की तुलना में बेहद खराब कहा जा सकता है। राज्य में 7 लाख संक्रमितों में से लगभग 6.37 लाख संक्रमित ठीक हो चुके हैं और उसकी रिकवरी रेट 90.95 प्रतिशत है। इसी तरह मध्य प्रदेश में 93.52 प्रतिशत, पंजाब में 93.22 प्रतिशत, गुजरात में 93.02 प्रतिशत और छत्तीसगढ़ में 92.41 प्रतिशत रिकवरी रेट है।