LOADING...
कई राज्यों में आज भी आएगी अंधड़-बारिश की आफत, मौसम विभाग ने दी चेतावनी 
देश के कई राज्यों में आज अंधड़-बारिश की संभावना है

कई राज्यों में आज भी आएगी अंधड़-बारिश की आफत, मौसम विभाग ने दी चेतावनी 

May 03, 2025
10:03 am

क्या है खबर?

देशभर के कई राज्यों में मानसून पूर्व की गतिविधियां शुरू हो गई है। दिल्ली NCR समेत उत्तर भारत में शुक्रवार सुबह तेज अंधड़ और बारिश के चलते मौसम पलट गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज भी दिल्ली NCR, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत में कहीं-कहीं तेज हवा चलने के साथ बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही पूर्वोत्तर और दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

रिकॉर्ड 

राजधानी में 124 साल में दूसरी बार सर्वाधिक बारिश

IMD के अनुसार, दिल्ली में शुक्रवार सुबह 5-8 बजे के बीच 77.0mm बारिश रिकॉर्ड की गई। यह 1901 से 2025 के बीच मई में 24 घंटे के दौरान हुई दूसरी सर्वाधिक बारिश है। इससे पहले 20 मई, 2021 को 119.3mm सर्वाधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से 10.2 डिग्री कम 29.1 डिग्री दर्ज किया गया। आज यहां बादल छाने, अंधड़ चलने और हल्की बारिश होने के साथ अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम 26 डिग्री रहने का अनुमान है।

चेतावनी 

राजस्थान के 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

पश्चिमी विक्षोभ के चलते राजस्थान का मौसम भी बदल गया है और इसका असर 7 मई तक रहेगा। मौसम विभाग ने आज यहां तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के 7 जिलों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी और दक्षिणी जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। इन इलाकों में बादल छाने के साथ अंधड़ चल सकता है। इसके चलते तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है।

राहत 

उत्तर प्रदेश में गर्मी से मिली राहत 

उत्तर प्रदेश के मौसम में आए बदलाव से लोगाें को भीषण गर्मी से राहत मिली है। आज प्रदेश के पूर्वी जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी हिस्सों में धूल भरी आंधी और छिटपुट बारिश हो सकती है। कुछ जगह 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने का अनुमान है।

पूर्वानुमान 

इन राज्यों में बारिश के आसार 

बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाओं के कारण बिहार में भी आज भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30-32 और न्यूनतम 22-23 डिग्री रहेगा। पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों, छत्तीसगढ़, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में बारिश और कहीं-कहीं अंधड़ चलने के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।