Page Loader
मानूसन से पहले कई राज्यों में होगी झमाझम बारिश, जानिए कहां-कहां जारी हुआ अलर्ट 
कई राज्यों में आज भारी बारिश होने के आसार हैं (तस्वीर: फ्रीपिक)

मानूसन से पहले कई राज्यों में होगी झमाझम बारिश, जानिए कहां-कहां जारी हुआ अलर्ट 

May 24, 2025
10:48 am

क्या है खबर?

देश के कुछ राज्यों में धरती आग की तरह सुलग रही है तो कहीं बारिश की राहत बरस रही है। इसके कारण इन इलाकों में उमस का अहसास ज्यादा बढ़ गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून की दस्तक से पहले केरल, गुजरात, गोवा और कर्नाटक में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। दूसरी ओर, अगले 2 दिनों के दौरान केरल में मानसून के आगमन के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की उम्मीद है।

मानसून 

क्या है मानसून की स्थिति

IMD के मुताबिक, दक्षिण कोंकण तट से दूर पूर्व मध्य अरब सागर पर एक निम्न दबाव क्षेत्र बना हुआ है, जो अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर की ओर बढ़ने की संभावना है। लक्षद्वीप, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, दक्षिण, उत्तर और मध्य बंगाल की खाड़ी में मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है। 24-26 मई तक पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा और बिहार, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उत्तराखंड़ में बारिश होने की संभावना है।

गर्मी 

पारा पहुंचा 47 डिग्री के पार 

राजस्थान में इन दिनों धरती भट्‌टी जैसे तप रही है। गंगानगर में पारा 47.6 डिग्री तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे उच्चतम तापमान है। पश्चिमी क्षेत्र के जोधपुर और बीकानेर संभाग के साथ शेखावाटी में 2-3 दिनों तक लू चलने के साथ रात को भीषण गर्मी के आसार हैं। दूसरी तरफ पूर्वी हवाओं के सक्रिय होने से राज्य के कुछ हिस्सों में तेज मेघगर्जन और 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की आशंका है।

पूर्वानुमान 

उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने से तापमान में भी उतार-चढ़ाव का देखा जा रहा है। अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान बढ़ सकता है, जबकि न्यूनतम में कोई बदलाव नहीं होगा। आज प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी इलाकों में कुछ जगह बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है। इस दौरान 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवा चल सकती है। मध्य प्रदेश के 51 जिलों में गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने का अनुमान लगाया है।

राहत 

दिल्ली में रहेगी राहत

पिछले 3 दिनों से मौसम में आए बदलाव के कारण दिल्ली NCR में लोगों ने चैन की सांस ली है। आज भी बादल छाए रहने के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे लू से राहत मिलेगी। इस दौरान बिजली चमकने के साथ तेज हवा चल सकती है और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री और अधिकतम 40 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। अगले सप्ताह से राजधानी में मानसून पूर्व की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है।