
उत्तर भारत में चिलचिलाती धूप निकाल रही दम, आज तूफान के साथ होगी बारिश
क्या है खबर?
उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी का प्रकोप प्रचंड़ हो गया है। पारा इतना बढ़ चुका है कि सुबह से शाम तक लोगों को राहत नसीब नहीं हो रही। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज (20 मई) बंगाल की खाड़ी में बने परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई राज्यों में बारिश, अंधड़, बादल गरजने और बिजली चमकने की संभावना है। दूसरी तरफ कुछ क्षेत्रों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहेगा।
भारी बारिश
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही 21 मई को असम और मेघालय में मूसलाधार बारिश होने के असार हैं, जिससे बाढ़ का खतरा पैदा हो सकता है। कर्नाटक के तटीय और दक्षिणी आंतरिक क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा केरल, बेंगलुरु, मंगलुरु और हुबली में भी मेघ जमकर बरस सकते हैं।
अलर्ट
इन राज्यों में तूफान के साथ होगी बारिश
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और मध्य इलाकों में भारी बारिश और तूफान चलने के आसार हैं। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। पश्चिमी क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ तेज हवा चल सकती हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 36-39 डिग्री के बीच रहेगा। बिहार के पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। मध्य प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है।
राहत
दिल्लीवासियों को मिल सकती है राहत
दिल्ली NCR में भीषण गर्मी ने दिन का सुकून और रात का चैन छीन लिया है। सोमवार को पारा 40 डिग्री को पार कर गया। आज बादल छाए रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती हवाओं के प्रभाव से हल्की से मध्यम बारिश, धूल भरी आंधी की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 30-50 किमी/घंटा तक रहने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रह सकता है।
मानसून
राजस्थान में कब दस्तक देगा मानसून?
राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों जैसलमेर, बीकानेर और जोधपुर में लू की स्थिति बनी रह सकती है। राज्य का अधिकतम तापमान 42-45 डिग्री तक रहने की संभावना है। अगले 4-5 दिन बीकानेर संभाग, शेखावाटी में लू चलने और रात को मौसम गर्म रहने की संभावना है। इसके अलावा कुछ हिस्सों में मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस बार मानसून 20 जून को दक्षिणी हिस्से बांसवाड़ा से राज्य में प्रवेश कर सकता है।
ट्विटर पोस्ट
असम में आज सुबह हुई बारिश
#WATCH | Rain lashes parts of Assam's Guwahati. pic.twitter.com/dvdr8kq0xz
— ANI (@ANI) May 20, 2025