अगले 5 दिनों तक अब आसमान से बरसेगी आग, इन राज्यों में लू का अलर्ट
क्या है खबर?
उत्तर भारत के तापमान में हो रहे इजाफे के कारण गर्मी ने जोर पकड़ लिया है। आगामी 5-6 दिनों तक तापमान 42 डिग्री पहुंचने से झुलसाने वाली धूप का अहसास होगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 10 अप्रैल तक दिल्ली समेत झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, दक्षिणी हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, गुजरात, राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश लू से प्रभावित रहेंगे। इसके चलते लोगों को दोपहर के वक्त घर से निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
चेतावनी
राजधानी में लू को लेकर अलर्ट
दिल्ली में आज (5 अप्रैल) को तेज हवाएं चलने के साथ भीषण गर्मी पड़ने के आसार हैं, जिससे अलग-अलग जगहों पर लू की स्थिति का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री के आस-पास रह सकता है। देश की राजधानी में अगले 5 दिनों तक तापमान 40 से 42 डिग्री तक पहुंचने की सभांवना है। यहां 4 अप्रैल को अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक 38.4 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम 18.8 डिग्री रहा।
बारिश
यहां होगी भारी बारिश
IMD के मुताबिक, 8 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में दिखाई पड़ने की संभावना जताई है। इसके चलते दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों के मौसम में हल्का बदलाव आएगा। इसके अलावा केरल के 4 जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के कुछ जिलों में गरज के साथ मध्यम दर्जे की बारिश और 40 किमी/घंटा की गति से तेज हवा चलने का भी अनुमान है।