Page Loader
अगले सप्ताह जमकर बरसेंगे बादल, हिमाचल प्रदेश से दिल्ली तक अलर्ट 
देश के कई राज्यों में अगले सप्ताह भारी बारिश का दौर जारी रहेगा

अगले सप्ताह जमकर बरसेंगे बादल, हिमाचल प्रदेश से दिल्ली तक अलर्ट 

Jul 13, 2025
10:17 am

क्या है खबर?

उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है, जिसके चलते आगामी दिनों में पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों में जबरदस्त बारिश होने के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और गुजरात में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। रविवार को 19 राज्यों के लिए झमाझम बारिश का ऑरेंज अलर्ट और कुछ अन्य राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

भारी बारिश 

पूरे राजस्थान में छाया मानसून

बंगाल की खाड़ी से बने सिस्टम और ट्रफ लाइन के स्थिर रहने के कारण राजस्थान में लगातार बारिश हो रही है। पूर्वी हिस्सों में इसका प्रभाव ज्यादा देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटे में झालावाड़ जिले के मनोहर थाना क्षेत्र में 108 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राज्य में रविवार को भी 30 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान जयपुर में हल्की बारिश के साथ बादल छाए रहने से मौसम सुहाना बना रहेगा।

बाढ़ 

इन राज्याें में बाढ़ से हालात 

उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। चित्रकूट में मंदाकनी नदी उफान पर है। तेज बारिश के कारण सड़कों पर 3-5 फीट तक पानी भर गया है। कानपुर में बारिश से रेलवे ट्रैक धंस गया है, जिसके चलते कालिंदी एक्सप्रेस को रोकना पड़ा। दूसरी तरफ मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश के कारण खुजराहो में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इसके साथ ही कई नदी-नाले उफान पर आ गए हैं।

पहाड़ी राज्य 

पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा 

पहाड़ी इलाकों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश आफत बनकर बरस रही है। इन राज्यों में 15 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। यहां भूस्खलन की संभावना के मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई। हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन के कारण चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग बंद है। दूसरी तरफ उत्तराखंड में मानसून की भारी बारिश के चलते जगह-जगह हाईवे बंद होने से बद्रीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा पर असर पड़ा है।

पूर्वानुमान 

इन राज्यों में भारी बारिश का अनुमान 

IMD ने झारखंड के कुछ हिस्सों में 13-15 जुलाई तक भारी बारिश होने की संभावना के मद्देनजर अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही 18 जुलाई तक असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर जोरदार बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। मौसम एजेंसी ने 13-18 जुलाई के दौरान केरल और माहे, तटीय कर्नाटक, 15-18 जुलाई के दौरान दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु में मानसून की तेज बारिश की संभावना जताई है।

ट्विटर पोस्ट

मध्य प्रदेश में उफान पर नदियां

राहत 

राजधानी में पूरे सप्ताह रहेगी राहत

मौसम विभाग ने दिल्ली में 13-17 जुलाई के बीच रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। रविवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे और बिजली चमकने के साथ गर्जना भी हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने की संभावना है। राजधानी में जुलाई में अब तक केवल 57 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य से काफी कम है। यहां 18 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।