Page Loader
राष्ट्रपति ने 4 राज्यसभा सदस्य मनोनीत किए, उज्जवल निकम और हर्षवर्धन श्रृंगला समेत ये बने सांसद
राष्ट्रपति ने 4 राज्यसभा सदस्य मनोनीत किए हैं

राष्ट्रपति ने 4 राज्यसभा सदस्य मनोनीत किए, उज्जवल निकम और हर्षवर्धन श्रृंगला समेत ये बने सांसद

लेखन आबिद खान
Jul 13, 2025
09:48 am

क्या है खबर?

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्यसभा के लिए 4 सदस्यों को मनोनीत किया है। इनमें 26/11 के मुंबई हमलों सहित कई चर्चित मामलों में पैरवी करने वाले मशहूर सरकारी वकील उज्ज्वल देवराव निकम, केरल के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद् सी सदानंदन मास्टर, पूर्व विदेश सचिव और कुशल राजनयिक हर्षवर्धन श्रृंगला और मशहूर इतिहासकार एवं शिक्षाविद् मीनाक्षी जैन शामिल हैं। राष्‍ट्रपति ने अपने विशेष अधिकारों का प्रयोग करते हुए इन्हें राज्‍यसभा के लिए मनोनीत किया है।

उज्जवल निकम

26/11 समेत कई चर्चित मामलों में पैरवी कर चुके हैं निकम

निकम जाने-माने वकील हैं, जिन्हें कई प्रमुख हत्या और आतंकवाद के मामलों की पैरवी के लिए जाना जाता है। उन्होंने 1993 के मुंबई बम धमाकों, प्रमोद महाजन हत्याकांड और 2008 के मुंबई हमलों के संदिग्धों पर मुकदमा चलाने में अहम भूमिका निभाई है। निकम ने 2013 के मुंबई सामूहिक बलात्कार मामले और 2016 के कोपर्डी बलात्कार और हत्या मामले में भी पैरवी की है। निकम को 2016 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।

मीनाक्षी जैन

जानी-मानी इतिहासकार हैं मीनाक्षी जैन

मीनाक्षी जैन प्रख्यात इतिहासकार हैं। वे दिल्ली विश्वविद्यालय के गार्गी कॉलेज में इतिहास की एसोसिएट प्रोफेसर रह चुकी हैं। 2014 में भारत सरकार ने उन्हें भारतीय ऐतिहासिक अनुसंधान परिषद का सदस्य नामित किया था। 2020 में उन्हें साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। वे देवताओं की उड़ान और मंदिरों का पुनर्जन्म, राम के लिए युद्ध: अयोध्या में मंदिर का मामला, राम और अयोध्या जैसी कृतियों के लिए जानी जाती हैं।

सदानंदन मास्टर

राजनीतिक हिंसा का शिकार हो चुके हैं सदानंदन मास्टर

सदानंदन मास्टर केरल के एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं, जो भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से भी जुड़े हुए हैं। वे RSS की बौद्धिक शाखा भारतीय विचार केंद्रम के सदस्य हैं। वे केरल में राजनीतिक हिंसा का शिकार भी हो चुके हैं। 1994 में CPI(M) कार्यकर्ताओं ने उनके दोनों पैर काट दिए थे। 2016 के केरल विधानसभा चुनावों में भाजपा ने उन्हें कुथुपरम्बु निर्वाचन सीट से मैदान में उतारा था।

हर्षवर्धन श्रृंगला 

35 साल तक विदेश मंत्रालय में सेवाएं दे चुके हैं श्रृंगला 

1984 बैच के भारतीय विदेश सेवा अधिकारी श्रृंगला बांग्लादेश में भारत के उच्‍चायुक्‍त रह चुके हैं। वह जनवरी, 2020 से अप्रैल, 2022 तक विदेश सचिव थे। वह अमेरिका में भारत के राजदूत रहे हैं। इससे पहले वह बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त और थाईलैंड में भारत के राजदूत भी रह चुके हैं। उन्होंने UNESCO, संयुक्त राष्ट्र, वियतनाम, इजरायल और दक्षिण अफ्रीका में भी काम किया है। वे जनवरी 2025 से विकसित भारत के विशिष्ट फेलो हैं।

प्लस

न्यूजबाइट्स प्लस

संसद के ऊपरी सदन यानी राज्यसभा में अधिकतम 250 सदस्य हो सकते हैं। इनमें से 238 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से चुने जाते हैं, जबकि 12 को राष्ट्रपति मनोनीत करते हैं। ये 12 सदस्य कला, विज्ञान, सामाजिक सेवा, खेल या साहित्य जैसे क्षेत्रों के प्रतिष्ठित लोग होते हैं। राज्यसभा में सदस्य 6 साल के कार्यकाल के लिए चुने जाते हैं। इनमें से एक-तिहाई सदस्य हर 2 साल में सेवानिवृत्त हो जाते हैं।