Page Loader
मौसम विभाग ने यहां जारी किया हीटवेव का अलर्ट, जानिए कितना रहेगा तापमान 
मुंबई और उसके आस-पास अगले 2 दिनों तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है

मौसम विभाग ने यहां जारी किया हीटवेव का अलर्ट, जानिए कितना रहेगा तापमान 

Feb 25, 2025
02:24 pm

क्या है खबर?

भारत में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ उत्तरी राज्यों में सुबह-शाम सर्दी पड़ रही है, दूसरी तरफ कई इलाकों में दिन का तापमान बढ़ने से फरवरी में ही गर्मी सताने लगी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे और महाराष्ट्र के पड़ोसी जिलों के लिए 25 और 26 फरवरी के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पूर्वी हवाओं के कारण तापमान 38 डिग्री तक पहुंच सकता है।

पूर्वानुमान 

मौसम विभाग का पूर्वानुमान 

IMD की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने कहा कि अगले 2 दिनों तक तापमान 37 से 38 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। उन्होंने कहा, "पूर्वी हवाएं तापमान में वृद्धि का कारण बन रही हैं। फरवरी के तीसरे सप्ताह तक लू जैसी स्थिति असामान्य है, लेकिन अभूतपूर्व नहीं है।" उन्होंने कहा कि अगले 5-6 दिनों में तापमान में थोड़ी गिरावट होने की संभावना है, लेकिन इससे गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिलेगी।

तापमान 

24 फरवरी को तापमान का 5 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा 

25 और 26 फरवरी को मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरी के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया गया है। IMD ने कहा कि उच्चतम तापमान 37-38 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है, जो फरवरी के सामान्य तापमान से लगभग 5 डिग्री अधिक है। आर्थिक राजधानी में 24 फरवरी को 5 साल का उच्चतम तापमान 38.4 डिग्री दर्ज किया गया था। आखिरी बार फरवरी में मुंबई का तापमान 28 फरवरी, 2020 को 38.4 डिग्री पर पहुंच गया था।