
केरल से दिल्ली तक बरस रहे बादल, जानिए कब तक देशभर में छाएगा मानसून
क्या है खबर?
देश के कई राज्यों में मानसून के प्रवेश के साथ ही पहली भारी बारिश ने उथल-पुथल मचाना शुरू कर दिया है।
मुंबई, कोंकण, कर्नाटक, केरल और गुजरात के कई हिस्सों में झमाझम बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बुधवार (18 जून) को पूर्वोत्तर राज्यों के अलावा उत्तर भारत के दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बारिश की संभावना जताई गई है।
इस सप्ताह के अंत तक मानसून सभी राज्यों में पहुंच जाएगा।
मानसून
कहां तक पहुंचा मानसून?
IMD के मुताबिक, उत्तरी अरब सागर, गुजरात के शेष भागों, राजस्थान, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, झारखंड में मानसून आगे बढ़ सकता है।
इसके साथ ही बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 2 दिनों में इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों, गुजरात में निम्न दबाव वाले क्षेत्रों के प्रभाव से बारिश होने के आसार हैं। साथ ही पूर्वोत्तर भारत में अगले 2-3 दिन भारी बारिश की संभावना है।
राहत
राजधानी में मौसम हुआ सुहाना
दिल्ली NCR में मंगलवार को कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश की वजह से मौसम सुहाना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को भी राजधानी के कुछ हिस्सों में झमाझम बारिश हो सकती है। इस दौरान बादल गरजने, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
दूसरी तरफ आर्थिक राजधानी मुंबई में सुबह से ही मेघ बरस रहे हैं और यहां भारी बारिश का अलर्ट है।
ट्विटर पोस्ट
मुंबई के कई इलाकों में शुरू हुई बारिश
#WATCH | Maharashtra | Heavy rain lashes several parts of Mumbai city. Generally cloudy sky with heavy rain is expected in the city, as per IMD. pic.twitter.com/IEMgGQX0W8
— ANI (@ANI) June 18, 2025
वज्रपात
बिजली गिरने से इस राज्य में 12 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश और बिहार में भी मानसून की आहट से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बिहार में कुछ जगहों पर झमाझम बारिश भी हो रही है।
बिहार के 6 जिलों में पिछले 24 घंटे में बिजली गिरने से 12 लोगों की मौत हो गई है।
दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में बुधवार को गरज-चमक के साथ बारिश होने का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 19-20 जून को मानसून के चलते भारी बारिश का अलर्ट है।
राहत
राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज
राजस्थान में मंगलवार से मानसून पूर्व की गतिविधियों ने जोर पकड़ लिया है, जिससे प्रदेश बादल छाए रहने से गर्मी कमजोर पड़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 1-2 दिन में मानसून दस्तक दे सकता है, जिससे पूर्वी इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। राज्य में अगले 7 दिनों तक बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।
मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश के साथ 50-60 किमी/घंटा की तेज हवा चलने की संभावना है।
आफत
इन राज्यों में आफत बनकर बरस रहे मेघ
गुजरात के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों में हुई मूसलाधार बारिश से कई नदियां उफान पर आने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य के कुछ हिस्सों में अगले 4 दिनों में अत्यधिक बारिश होने की संभावना है।
कर्नाटक में दक्षिण कन्नड़ क्षेत्र के लिए मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। यहां पिछले 24 घंटे में दोगुनी से अधिक बारिश दर्ज की गई।
महाराष्ट्र, केरल समेत पूर्वात्तर राज्यों में भी झमाझम बारिश के कारण हालात बिगड़े हुए हैं।