Page Loader
दिल्ली इमारत हादसा: अब तक 2 वर्षीय मासूम समेत 6 की मौत, 8 अन्य घायल
दिल्ली के वेलकम इलाके में 4 मंजिला इमारत के गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई

दिल्ली इमारत हादसा: अब तक 2 वर्षीय मासूम समेत 6 की मौत, 8 अन्य घायल

Jul 12, 2025
08:46 pm

क्या है खबर?

दिल्ली के वेलकम इलाके में शनिवार (12 जुलाई) सुबह भरभराकर गिरी एक 4 मंजिला इमारत के मलबे में दबने से अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 8 अन्य घायल है। मृतकों में एक 2 वर्षीय मासूम बच्ची भी शामिल है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और अन्य एजेंसियां घटनास्थल पर बचाव अभियान चला रही हैं। मृतकों के शवों को गुरु तेग बहादुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जबकि घायलों का उपचार जारी है।

दुखद

मृतकों में एक ही परिवार के 4 लोग शामिल

पुलिस ने बताया कि हादसे में इमारत मालिक मतलूब (50), उनकी पत्नी राबिया (46), उनके 2 बेटे जावेद (23) और अब्दुल्ला (15) की मौत हो गई। इसी तरह ज़ुबिया (27) और उनकी 2 वर्षीय बेटी फौजिया भी हादसे का शिकार बन गई। घायलों में मतलूब के दो बेटे परवेज और नावेद, परवेज की पत्नी सिजा, उनका एक साल का बेटा अहमद, गोविंद, उसका भाई रवि कश्यप, उनकी पत्नियां दीपा और ज्योति शामिल हैं, जो सामने वाली इमारत में रहते थे।

परेशानी

संकरी गलियों के कारण बचाव अभियान में आई परेशानी

मौके पर बचाव अभियान अभी भी जारी है और सभी लापता लोगों का पता लगा लिया गया है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने एक्स पर लिखा, 'बेहद संकरी गलियों, जिनकी चौड़ाई सिर्फ 2-3 फ़ीट हैं के कारण बचाव अभियान में कुछ मुश्किलें आ रही हैं। हालांकि, बचाव अभियान अभी भी जारी है। अब तक 6 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं और 8 घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।'

बयान

चश्मदीदों ने बताया घटना का आंखों देखा हाल

स्थानीय निवासी अस्मा ने बताया कि जब वह अपने घर से बाहर निकलीं तो उन्हें तेज आवाज सुनाई दी और धूल उड़ती दिखाई दी। उन्होंने कहा, "हमें नहीं पता कि कितने लोग फंसे हैं, लेकिन वहां 10 लोगों का एक परिवार रहता है।" एक अन्य निवासी अनीस अहमद अंसारी ने बताया कि उनकी इमारत का मलबा गिरने से उन्हें मामूली चोटें आई हैं। उन्होंने फंसे लोगों को बचाने के लिए स्थानीय लोगों के त्वरित प्रयासों की भी सराहना की।

पृष्ठभूमि

कैसे हुआ था हादसा?

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में सुबह करीब 7:04 बजे गली नंबर-5 में स्थित एक चार मंजिला इमारत अचानकर भरभराकर गिर गई। इससे इमारत में रहने वाला 10 लोगों का परिवार मलबे में दब गया। इस दौरान आस-पास के लोगों ने दमकल विभाग को फोन तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। इस दौरान लोगों ने 4 लोगों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। उसके बाद दमकल विभाग की टीम और NDRF के जवानों ने बचाव अभियान चलाया।