Page Loader
पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में सता रहा कोहरा, बारिश का भी अलर्ट जारी 
देश के ज्यादातर शहरों में आज कोहरा छाया हुआ है (तस्वीर: एक्स/@rupali_gautam83)

पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में सता रहा कोहरा, बारिश का भी अलर्ट जारी 

Jan 01, 2025
09:10 am

क्या है खबर?

देशभर में नए साल के पहले दिन (1 जनवरी) को मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी से जमा देने वाली ठंड पड़ रही है। मैदानी इलाकों ने कोहरे की चादर ओढ़ रखी है। इसके चलते ज्यादातर राज्य शीतलहर की चपेट में हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में कोहरे की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई जगह दृश्यता काफी कमजोर रहेगी।

चिल्लई कलां 

कश्मीर में ऐसा रहेगा आज मौसम 

कश्मीर में 40 दिनों की 'चिल्लई कलां' अवधि के चलते इन दिनों जमकर बर्फबारी देखने को मिल रही है। मंगलवार को पर्यटक स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 11.5 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोप के चलते नए साल के पहले दिन हल्की बर्फबारी और बादल छाए रह सकते हैं, इसके अगले दिन मध्यम बर्फबारी की भविष्यवाणी की है। इसके बाद 3 से 6 जनवरी तक इसके प्रभाव के कारण मध्यम से भारी बर्फबारी हो सकती है।

असर 

पश्चिमी विक्षोभ से पड़ेगा यह असर 

हिमाचल प्रदेश में नए साल को मौसम साफ रहने के आसार है। पश्चिमी विक्षोभ चलते इसके बाद आज से 6 दिनों तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड़ में भी तापमान में गिरावट आने से हाड कंपा देने वाली सर्दी पड़ेगी। 3 जनवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की और छिटपुट बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 4 से 6 जनवरी तक इस क्षेत्र में भारी बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है।

गिरावट 

उत्तर प्रदेश में इतना गिर सकता है पारा 

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में लखनऊ समेत 50 जिलों में कोल्ड डे की चेतावनी जारी की है। अगले 2 दिनों तक कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। अधिकतम तापमान में 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे दिन में कोहरा और रात में ठिठुरन बढ़ सकती है। राजस्थान में नए साल का स्वागत कोहरे और कड़ाके की ठंड से हुआ है। मंगलवार को प्रदेश के 3 शहरों में तापमान 5 डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया।

पूर्वानुमान 

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम? 

दिल्ली में आज सुबह घना कोहरा छाया हुआ है, वहीं तापमान भी काफी कम हो गया है। आज यहां आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है। हवा की रफ्तार बढ़कर 14 से 18 किमी/घंटा हो सकती है, जबकि अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री रह सकता है। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी के कारण आने वाले दिनों में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत कुछ राज्यों में बारिश होने के आसार हैं।