Page Loader
ऑपरेशन सिंदूर: भारत ने मुरीद बेस में भूमिगत परिसर को बनाया था निशाना, देखें सैटेलाइट तस्वीरें
भारतीय हमले में मुरीद और नूर खान बेस को हुए नुकसान की तस्वीरें सामने आई हैं

ऑपरेशन सिंदूर: भारत ने मुरीद बेस में भूमिगत परिसर को बनाया था निशाना, देखें सैटेलाइट तस्वीरें

लेखन आबिद खान
May 28, 2025
10:35 am

क्या है खबर?

भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान पाकिस्तान के कई सैन्य अड्डों को निशाना बनाया था। इनमें मुरीद और नूर खान बेस भी शामिल थे, जिन पर सटीक मिसाइल हमले किए गए थे। अब इन हमलों में हुए नुकसान से जुड़ी सैटेलाइट तस्वीरें सामने आई हैं। इनमें पता चला है कि भारत ने मुरीद बेस पर भूमिगत परिसर को निशाना बनाया था। वहीं, नूर खान में एक पूरा परिसर ध्वस्त हो गया है।

मुरीद

मुरीद में हमले से हुआ 3 मीटर चौड़ा गड्ढा

इंडिया टुडे द्वारा प्राप्त की गई सैटेलाइट तस्वीरों में नजर आ रहा है कि मुरीद बेस की इमारत की छत को नुकसान पहुंचा है। यहां से ड्रोन और हवाई अभियानों का नियंत्रण किया जाता था। वहीं, परिसर में एक और जगह भूमिगत सुविधा को भी भारत ने निशाना बनाया है। यहां एक 3 मीटर चौड़ा गड्ढा हो गया है, जो संभावित भूमिगत सुविधा के प्रवेश द्वार से केवल 30 मीटर दूर है।

ट्विटर पोस्ट

देखें तस्वीर

नूर खान

नूर खान बेस पर कितना नुकसान हुआ?

रिपोर्ट के मुताबिक, नूर खान बेस पर भारतीय हमले से 2 विशेष सैन्य ट्रक नष्ट हो गए और रनवे के किनारे एक बड़ा गड्ढा हो गया। 23 मई को सामने आईं तस्वीरों में दिखा कि हमले के बाद नूर खान में स्थित करीब 7,000 वर्ग फुट का एक पूरा परिसर ही ध्वस्त कर दिया गया। इंडिया टुडे से बात करते हुए विशेषज्ञ डेमियन सायमन ने कहा, "हमले से आसपास की इमारतों में भी आंतरिक और संरचनात्मक नुकसान हुआ।"

अहम

कितने अहम है नूर खान और मुरीद बेस?

नूर खान रावलपिंडी के चकला में स्थित पाकिस्तान वायुसेना का अहम बेस है। यह एयर मोबिलिटी कमांड का मुख्यालय है, जो सैनिकों, उपकरणों और VIP परिवहन के लिए जिम्मेदार है। यहां पर C-130 हरक्यूलिस, IL-78 रिफ्यूलर और प्रशिक्षण विमान तैनात हैं। वहीं, मुरीद उत्तरी पंजाब के चकवाल स्थित एक फॉरवर्ड ऑपरेशनल बेस है। ये ड्रोन और लड़ाकू विमानों का केंद्र है। यह भारत की सीमा के नजदीक होने के कारण रणनीतिक रूप से अहम है।

हमला

भारत ने 11 एयरबेस को बनाया था निशाना

'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान भारत ने पाकिस्तान के नूर खान, रफीकी, मुरीद, सुक्कुर, सियालकोट, पसरूर, चुनियां, सरगोधा, स्कर्दू, भोलारी और जैकोबाबाद के सैन्य प्रतिष्ठानों और हवाई अड्डों को निशाना बनाया था। भारत की ओर से किए गए सटीक हमलों में पाकिस्तानी वायुसेना का करीब 20 प्रतिशत बुनियादी ढांचा तबाह हो गया है और उसके कई लड़ाकू विमान भी नष्ट हो गए हैं। भोलारी एयर बेस पर हमले में पाकिस्तान के 4 वायुसैनिकों समेत 50 से ज्यादा लोग मारे गए थे।