
भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच आलिया भट्ट ने साझा किया भावुक पोस्ट, जताया सशस्त्र बलों का आभार
क्या है खबर?
'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद से ही भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी बढ़ गया है।
भारतीय सेना ने पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेते हुए पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था।
इसके बाद से ही पूरा देश भारतीय सेना के साहसे को सलाम कर रहा है।
अब आलिया भट्ट ने सोशल मीडिया पर एक भावुक कर देने वाला पोस्ट साझा किया है। इसके साथ उन्होंने भारतीय सशस्त्र बलों का आभार जताया।
नोट
सेना के बलिदान को किया सलाम
आलिया ने लिखा, 'पिछली कुछ रातें... अलग सी महसूस हुई हैं। जब एक देश अपनी सांसें थाम लेता है तब हवा में एक अजीब सी शांति छा जाती है और बीते कुछ दिनों में हमने उसी शांति को महसूस किया है। वह चुपचाप सी छिपी बेचैनी। हमने उस भार को महसूस किया है, यह जानते हुए कि कहीं दूर, उन पहाड़ों में हमारे सैनिक जाग रहे हैं, सतर्क हैं और खतरे में हैं। यह सिर्फ वीरता नहीं, बल्कि बलिदान है।'
आभार
आलिया ने लिखी ये बात
आलिया ने लिखा, 'जब हममें से अधिकतर लोग अपने घरों में सुरक्षित सो रहे होते हैं तब कुछ स्त्री-पुरुष अंधेरे में खड़े रहते हैं- हमारी नींद की रखवाली करते हुए। अपनी जान पर और यह सच्चाई... इंसान को भीतर तक झकझोर देती है।'
आलिया लिखती हैं, 'हर वर्दी के पीछे होती है एक मां, जो खुद भी नहीं सोई होती। एक मां, जिसे पता होता है कि उसका बच्चा आज रात लोरियों में नहीं, बल्कि तनाव और खामोशी में है।'
बलिदान
हम एकजुट हैं- आलिया
आलिया ने लिखा, 'रविवार को हमने मदर्स डे मनाया। जब फूल बांटे जा रहे थे और गले लगाए जा रहे थे, तब मेरा मन उन माताओं की ओर चला गया, जिन्होंने नायकों को जन्म दिया। हम उन जिंदगियों का शोक मनाते हैं, जिन्हें हमने खो दिया। वे सैनिक जो कभी लौट कर नहीं आएंगे।'
आलिया ने आगे लिखा, 'हम एकजुट हैं। अपने रक्षकों के लिए। भारत के लिए। ईश्वर उनके परिवारों को शक्ति दे। जय हिंद।'
काम
ये हैं आलिया की आगामी फिल्में
काम के मोर्चे पर बात करें तो आलिया पिछली बार फिल्म 'जिगरा' में वेदांग रैना के साथ दिखीं थीं। हालांकि, यह बॉक्स ऑफिस पर मुंह के बल गिरी।
अब जल्द ही आलिया फिल्म 'अल्फा' के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करती नजर आएंगी।
इसके अलावा वह रणबीर कपूर और विक्की कौशल के साथ फिल्म 'लव एंड वॉर' में नजर आएंगे। इसके निर्देशन की कमान संजय लीला भंसाली ने संभाली है।
बता दें, आलिया इस साल कान्स में डेब्यू कर रही हैं।