Page Loader
कौन हैं भारत की जासूसी करने के आरोप में 4 राज्यों से गिरफ्तार 12 आरोपी? 
पाकिस्तान के लिए भारत की जासूसी के आरोप में अब तक हो चुकी है 12 गिरफ्तारियां (तस्वीर:फाइल)

कौन हैं भारत की जासूसी करने के आरोप में 4 राज्यों से गिरफ्तार 12 आरोपी? 

May 19, 2025
06:55 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) से जुड़े एक कथित जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 4 राज्यों की पुलिस ने पिछले 11 दिनों में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में प्रमुख यूट्यूबर से लेकर छात्र तक शामिल हैं। बड़ी बात यह है कि इन सभी को हनीट्रैप, पैसों का लालच और झूठे वादों के जरिए देश के गद्दारी के लिए तैयार किया गया था। आइए गिरफ्तार किए गए सभी 12 आरोपियों के बारे में जानते हैं।

#1

यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा पर है सैन्य जानकारी लीक करने का आरोप

गिरफ्तार 12 आरोपियों में सबसे प्रमुख हरियाणा के हिसार निवासी ट्रैवल ब्लॉगर ज्योति मल्होत्रा है। वह यूट्यूब चैनल 'ट्रैवल विद जो' चलाती हैं। उसे पाकिस्तानी एजेंसियों को वर्गीकृत सैन्य जानकारी लीक करने के आरोप पिछले सप्ताह गिरफ्तार किया गया था। वह पाकिस्तान उच्चायोग में आयोजित इफ्तार पार्टी में होने और जासूसी के आरोप में निष्कासित किए गए पाकिस्तानी उच्चायोग के अधिकारी एहसान-उर-रहीम उर्फ ​​दानिश से बातचीत करते देखे के जाने के बाद शक के दायरे में आई थी।

यात्रा

2 बार पाकिस्तान की यात्रा कर चुकी हैं ज्योति

पुलिस के अनुसार, ज्योति 2 बार पाकिस्तान की यात्रा कर चुकी हैं और दानिश ने ही उसे कई पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों (PIO) से मिलवाया था। उसने PIO से भारत की कई संवेदनशील जानकारी साझा की और सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की सकारात्मक छवि पेश करने का भी काम किया था। वह PIO के साथ बाली की यात्रा पर भी गई थी। वर्तमान में आर्थिक अपराध शाखा (EOW) द्वारा ज्योति से मामले में गहन पूछताछ की जा रही है।

#2

व्यापारी शहजाद खुफिया जानकारी जुटाने के आरोप में गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के विशेष कार्य बल (STF) ने भारत की जासूसी और सीमा पार तस्करी के आरोप में टांडा निवासी व्यापारी शहजाद को रविवार रात गिरफ्तार किया है। STF के अनुसार, शहजाद ने सौंदर्य प्रसाधन उत्पाद, कपड़े और मसालों के परिवहन की आड़ में पाकिस्तान की कई यात्राएं की हैं। उसने ISI के लिए अपने व्यापार का सहारा लिया। वह ISI एजेंटों को पैसा और भारतीय सिम कार्ड उपलब्ध कराता था और नए लोगों को पाकिस्तान भी भेजता था।

#3 #4

पंजाब का छात्र और उत्तर प्रदेश का सुरक्षा गार्ड भी चढ़ा हत्थे

पटियाला के खालसा कॉलेज के 25 वर्षीय छात्र देवेंद्र सिंह ढिल्लों को 12 मई को कैथल से गिरफ्तार किया गया था। उसने नवंबर 2023 में करतारपुर कॉरिडोर के रास्ते पाकिस्तान जाने और पटियाला सैन्य छावनी के फोटो और विवरण ISI अधिकारियों को भेजे थे। हरियाणा पुलिस ने पिछले सप्ताह पानीपत से एक फैक्ट्री में सुरक्षा गार्ड के पद पर तैनात कैराना निवासी नौमान इलाही को गिरफ्तार किया था। वह काफी समय से ISI हैंडलरों के संपर्क में था।

#5 #6

नूंह से गिरफ्तार किए गए अरमान और हनीफ

नूंह जिले के राजाका गांव से अरमान नामक युवक को 16 मई को गिरफ्तार किया गया था। वह नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के एक कर्मचारी के संपर्क में था और उसे भारतीय सेना की गतिविधियों की जानकारी दे रहा था। उनके फोन में पाकिस्तानी नंबरों पर वीडियो, फोटो और मैसेज भेजना मिला है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक अन्य युवक हनीफ को भी जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है। वह अरमान का सहयोगी बताया जा रहा है।

#7 #8

सुखप्रीत सिंह और करणबीर सिंह

पंजाब की गुरदासपुर पुलिस ने ISI को गोपनीय सैन्य जानकारी लीक करने के आरोप में सुखप्रीत सिंह और करणबीर सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों पर पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में सेना की तैनाती और 'ऑपरेशन सिंदूर' से संबंधित जानकारी ISI को देने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 3 मोबाइल फोन और 8 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। उपकरणों की फोरेंसिक जांच में उनके ISI से संबंधों की पुष्टि भी हो चुकी है।

#9 #10

गजाला और यामीन मोहम्मद

गजाला और यामीन मोहम्मद को भी ISI के लिए काम करने के आरोप में पंजाब में गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियां 11 मई को की गई थीं। गजाला एक विधवा है और पैसे लेकर भारतीय सेना से जुड़ी जानकारी पाकिस्तानी हैंडलरों को सौंप रही थी। उसके मोबाइल फोन से कई पाकिस्तानी नंबरों पर भेजी गई जानकारी सामने आई है। इसी तरह यामीन ड्राइवर है और वह खुफिया जानकारी जुटाने में गजाला की मदद करता था। दोनों से पूछताछ जारी है।

#11 #12

मोहम्मद मुर्तजा अली और मोहम्मद तारीफ

खुफिया जानकारी के आधार पर पंजाब पुलिस ने जालंधर से मोहम्मद मुर्तजा अली को गिरफ्तार किया है। उस पर खुद द्वारा बनाई गई मोबाइल एप्लीकेशन से ISI के लिए जासूसी करने का आरोप है। उसके पास से 4 फोन और तीन सिम कार्ड बरामद हुए हैं। इसी तरह हरियाणा पुलिस ने मेवात के कंगारका गांव से मोहम्मद तारीफ को गिरफ्तार किया है। आरोपी पाकिस्तान उच्चायोग के जरिए ISI संचालकों के सीधे संपर्क में था और कई महत्वपूर्ण सूचनाएं दी थी।

जासूसी

आरोपी किस तरह पाकिस्तान भेज रहे थे सूचना?

इस कार्रवाई को भारतीय सेना के साथ मिलकर हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और ओडिशा की पुलिस ने अंजाम दिया है। आरोपियों में मजदूर और फैक्ट्री में तैनात सुरक्षा गार्ड भी शामिल हैं, जिससे पाकिस्तान की खतरनाक साजिश का खुलासा हो गया। ये सभी लोग पाकिस्तानी हैंडलर के आदेश पर काम करते थे और जुटाई गई सारी सूचना, फोटो और वीडियो व्हाट्सऐप, टेलीग्राम और स्नैपचैट जैसे एन्क्रिप्टेड ऐप जरिए उन्हें देते थे। इससे उनके पकड़े जाने का खतरा कम हो गया।