
महाराष्ट्र के बाद मध्य प्रदेश में सख्ती, भोपाल और इंदौर में लग सकता है रात्रिकालीन कर्फ्यू
क्या है खबर?
कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच महाराष्ट्र के बाद अब मध्य प्रदेश भी सख्ती लागू होने वाली है।
राज्य में तेजी से बढ़ते संक्रमण के मामलों को देखते हुए सरकार ने महामारी से बचाव के लिए नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी करने और महाराष्ट्र से सटे जिलों में विशेष निगरानी का निर्णय किया है।
इसी तरह सबसे ज्यादा प्रभावित राजधानी भोपाल और इंदौर में 14 या 15 मार्च से रात्रिकालीन कर्फ्यू लागू करने की संभावना जताई है।
हालत
मध्य प्रदेश में यह है कोरोना संक्रमण की स्थिति
मध्य प्रदेश में शुक्रवार को 603 नए मामलों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 2,67,176 पर पहुंच गई है। इसी तरह दो नई मौतों के साथ मृतकों की संख्या 3,883 पर पहुंच गई है।
सबसे ज्यादा प्रभावित इंदौर में शुक्रवार को 219 नए मामलों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 61,642 पर पहुंच गई है। यहां अब तक 940 मौतें भी हुई है।
इसी तरह भोपाल में 138 नए मामलों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 45,079 हो गई है।
कदम
महामारी से बचाव के लिए यह कदम उठा रही सरकार
बढ़ते मामलों के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार शाम को समीक्षा बैठक आयोजित की।
इसमें मुख्यमंत्री ने गृह मंत्रालय को नई SOP जारी करने के साथ महाराष्ट्र से सटे जिलों में खास निगरानी रखने की हिदायत दी है। इसके अलावा संक्रमण के सबसे ज्यादा मामलों वाले इंदौर और भोपाल में 14-15 मार्च से नाइट कर्फ्यू पर विचार करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में बढ़ते मामलों पर काबू पाने के लिए पर्याप्त उपाय किए जाएंगे।
निर्णय
भोपाल और इंदौर में आयोजित कार्यक्रमों में 50 प्रतिशत ही होगी उपस्थिति
समीक्षा बैठक में तय किया गया कि इंदौर और भोपाल में हॉल में होने वाले कार्यक्रमों में 50 प्रतिशत लोग ही शामिल हो सकेंगे।
इसी तरह रोजाना 10 से ज्यादा नए मामलों वाले जिलों में बाजारों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। सोशल डिस्टेंसिंग सुनिश्चित करने के लिए दुकानों में रस्सी बांधना अनिवार्य किया गया है।
इसके अलावा महामारी से बचाव के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट
इन जिलों की सीमाओं पर दिखानी होगी कोरोना निगेटिव की रिपोर्ट
मुख्यमंत्री ने बैठक में महाराष्ट्र से लगे छिंदवाड़ा, बुरहानपुर, धार, सिवनी, बड़वानी, खरगोन और खंडवा जिले की सीमाओं में प्रवेश से पहले लोगों की कोरोना निगेटिव की रिपोर्ट देखने के भी निर्देश दिए हैं। इसके लिए सीमाओं पर सघन जांच अभियान चलाने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र से हवाई, ट्रेन या सड़क मार्ग से राज्य में आने वाले लोगों का थर्मामीटर से स्कैन किया जाना भी सुरक्षा के लिहाज बहुत अधिक आवश्यक है।
महाराष्ट्र
महाराष्ट्र के इन जिलों में लागू हुआ लॉकडाउन
महाराष्ट्र सरकार ने तेजी से बढ़ते संक्रमण पर नियंत्रण के लिए अकोला और परभणी जिले में शुक्रवार रात से सोमवार सुबह तक पूर्ण लॉकडाउन लागू किया है।
इसी तरह नागपुर में भी शनिवार से 21 मार्च तक संपूर्ण लॉकडाउन लगाया गया है। इसके अलावा जलगांव शहर में जनता कर्फ्यू और पुणे में नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है।
औरंगाबाद में भी शनिवार से लेकर सोमवार सुबह पर लॉकडाउन की घोषणा की गई है। उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होगी।
जानकारी
महाराष्ट्र में यह है कोरोना संक्रमण की स्थिति
महाराष्ट्र में बीते दिन 15,817 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 56 की मौत हुई। इसके साथ राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 22,82,191 पर पहुंच गई है। इनमें से अब तक 52,723 की मौत हुई है। इसने सरकार को चिंतित कर दिया है।