Page Loader
शिवराज सिंह की माफियाओं को चेतावनी- मध्य प्रदेश छोड़ दो वरना जमीन में गाड़ दूंगा

शिवराज सिंह की माफियाओं को चेतावनी- मध्य प्रदेश छोड़ दो वरना जमीन में गाड़ दूंगा

Dec 26, 2020
10:19 am

क्या है खबर?

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने एक बयान के कारण सुर्खियों में आ गए हैं। होशंगाबाद में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने माफियाओं को मध्य प्रदेश छोड़ देने का कहा है। चौहान ने कहा कि अगर किसी ने गड़बड़ की तो उनको जमीन में 10 फीट नीचे गाड़ दिया जाएगा और किसी को पता नहीं चलेगा। उनका यह बयान लगातार चर्चा में है और इसका वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है।

बयान

क्या कहा शिवराज सिंह चौहान ने?

माफियाओं को चेतावनी देते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "आजकल अपन खतरनाक मूड में हैं। गड़बड़ करने वालों को छोड़ेंगे नहीं। फॉर्म में है मामा। एक तरफ माफिया के खिलाफ अभियान चल रहा है। मसल्स पावर (बाहुबल), रसूख का इस्तेमाल करके कहीं अवैध कब्जा कर लिया, कहीं भवन तान दिया, कहीं ड्रग माफिया। सुन लो रे मध्य प्रदेश छोड़ देना, नहीं तो जमीन में 10 फीट गाड़ दूंगा, कहीं भी पता नहीं चलेगा।"

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिये वीडियो

भाषण

जल्द लागू किए जाएं तीनों कृषि कानून- चौहान

चौहान ने आगे कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है। उनके लिए सुशासन का मतलब है कि जनता को बिना लिए-दिए सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ मिले। यहां फन्ने खां नहीं सिर्फ सुशासन चलेगा। इसके बाद चौहान ने कहा कि तीनों कृषि कानून जल्द से जल्द लागू होने चाहिए। मध्य प्रदेश की आठ करोड़ जनता प्रधानमंत्री मोदी के साथ है। इस दौरान उन्होंने मोदी के जयकारे भी लगाए।

चेतावनी

भोपाल में भी दोहराई माफियाओं को खत्म करने की बात

चौहान ने होशंगाबाद के बाद भोपाल में भी माफियाओं को चेतावनी देते हुए उन्हें खत्म करने की बात दोहराई। यहां भाजपा के जिला कार्यालय के लोकार्पण के मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य में गुंडो और दादाओं की नहीं चलेगी। सारे माफियाओं को हाथ और पैर तोड़कर तबाह कर दिया जाएगा। उन्होंन आगे कहा कि उनकी सरकार जनता के लिए फूल जैसी कोमल और दुष्टों के लिए वज्र से ज्यादा कठोर है।

आरोप

पूर्व की कांग्रेस सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व की कमलनाथ सरकार पर कोरोना महामारी के समय किसानों की राशि हड़पने का आरोप लगाया। चौहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कोरोना संकट में किसानों की राशि हड़प ली थी, जिसे उन्होंने मुख्यमंत्री बनते ही किसानों के खाते में ट्रांसफर करवाई। उन्होंने आगे कहा कि कमलनाथ सरकार के समय जितनी कल्याणकारी योजनाओं को बंद किया था, उन सब को फिर से शुरू किया जा रहा है।