Page Loader
भारत में सबसे ज्यादा घंटे तक काम करते हैं कर्मचारी, अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट में खुलासा 
अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन के अनुसार भारत में सबसे ज्यादा समय तक काम करते हैं कर्मचारी (प्रतीकात्मक: अनस्प्लैश)

भारत में सबसे ज्यादा घंटे तक काम करते हैं कर्मचारी, अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट में खुलासा 

लेखन गजेंद्र
Sep 20, 2024
05:37 pm

क्या है खबर?

अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) की रिपोर्ट की मानें तो भारत दुनिया की शीर्ष 10 अर्थव्यवस्थाओं में सबसे अधिक काम वाले देशों में शामिल है। यहां औसत भारतीय कर्मचारी प्रति सप्ताह लगभग 46.7 घंटे काम करता है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत इस मामले में चीन और अमेरिका से भी आगे है, जहां कर्मचारी औसतन 46.1 और 38 घंटे प्रति सप्ताह काम करते हैं। हालांकि, कनाडा में यह आंकड़ा सबसे कम है, जहां कर्मचारी औसतन 32.1 घंटे प्रति सप्ताह काम करते हैं।

रिपोर्ट

आधे से अधिक भारतीय कर्मचारी 49 घंटे से ज्यादा काम करते हैं

ILO के आंकड़ों के मुताबिक, आधे से अधिक यानी 51 प्रतिशत भारतीय कर्मचारी प्रत्येक सप्ताह 49 घंटे से अधिक काम करते हैं। यह विश्व स्तर पर दूसरी सबसे ऊंची दर है, जिसमें भूटान आगे है। भूटान में आश्चर्यजनक रूप से 61 प्रतिशत कार्यबल इन घंटों से अधिक काम करता है। शीर्ष 10 देशों में बांग्लादेश और पाकिस्तान भी शामिल हैं, जहां क्रमशः 47 और 40 प्रतिशत लोग प्रति सप्ताह कई घंटे काम करते हैं।

खुलासा

अमेरिकी या यूरोपीय देश शामिल नहीं

सबसे अधिक कार्य घंटों वाले शीर्ष 20 देशों की सूची में कोई भी यूरोपीय या अमेरिकी देश शामिल नहीं है। इस सूची में भूटान 54.4 घंटे प्रति सप्ताह, संयुक्त अरब अमीरात 50.9 घंटे प्रति सप्ताह, लेसोथो 50.4 घंटे प्रति सप्ताह, कांगो 48.6 घंटे प्रति सप्ताह) और कतर 48 घंटे प्रति सप्ताह के साथ शामिल है। रिपोर्ट में बताया गया है कि जिन देशों में कार्य सप्ताह छोटा होता है, वहां प्रति व्यक्ति सकल घरेलू उत्पाद (GDP) आमतौर पर अधिक है।

जानकारी

यहां सबसे कम काम करते हैं कर्मचारी

20 शीर्ष देशों में दक्षिण प्रशांत महासागर में स्थित द्वीप राष्ट्र वानुअतु में प्रति कार्यरत व्यक्ति का कार्य सप्ताह सबसे छोटा है। यहां के लोग मात्र 24.7 घंटे प्रति सप्ताह काम करते हैं। कनाडा में भी कम घंटे होने से यह लोगों में लोकप्रिय है।