Page Loader
दुनिया में एमपॉक्स के मामले बढ़ने पर भारत में अलर्ट, हवाई अड्डों-बंदरगाहों पर चौकसी तेज
दुनिया में एमपॉक्स के मामले बढ़ने पर भारत में अलर्ट जारी

दुनिया में एमपॉक्स के मामले बढ़ने पर भारत में अलर्ट, हवाई अड्डों-बंदरगाहों पर चौकसी तेज

लेखन गजेंद्र
Aug 20, 2024
10:18 am

क्या है खबर?

पाकिस्तान समेत दुनिया के कई देशों में एमपॉक्स वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए भारत अलर्ट हो गया है। केंद्र सरकार ने हवाई अड्डों, बंदरगाहों और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी है। सरकार ने जिम्मेदार प्राधिकारियों को अंतरराष्ट्रीय यात्रियों पर इस रोग के संभावित लक्षणों की बारीकी से निगरानी करने को कहा है। साथ ही भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी इसके मामले सामने आने के बाद सीमाओं पर सतर्क रहने को कहा गया है।

मंकीपॉक्स

दिल्ली के 3 अस्पतालों में बनाया गया क्वारंटीन सेंटर

दिल्ली में 3 सरकारी अस्पतालों को एमपॉक्स रोगियों के इलाज, प्रबंधन और बीमारी को फैलने से रोकने के लिए क्वारंटीन सेंटर के रूप में नामित किया गया है। यहां के राम मनोहर लोहिया अस्पताल, सफदरजंग अस्पताल और लेडी हार्डिंग अस्पताल में इस वायरस से जुड़े रोगियों को रखा जाएगा। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को संभावित एमपॉक्स मामलों के लिए अपने अस्पतालों को तैयार करने और उन्हें नोडल केंद्र के रूप में घोषित करने का भी निर्देश दिया है।

बीमारी

क्या है एमपॉक्स?

एमपॉक्स एक संक्रमित बीमारी है, जो लोगों के निकट संपर्क से फैलता है। इसमें व्यक्ति को फ्लू जैसे लक्षण होते हैं और शरीर पर मवाद से भरे दानें दिखाई देते हैं। वायरस का नया वैरिएंट, क्लेड Ib मिला है, जो यौन संचारण सहित निकट संपर्क से आसानी से फैलता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधान सचिव पीके मिश्रा ने भी रविवार को भारत की तैयारियों की समीक्षा की।