
हिमाचल प्रदेश में बाढ़ से 74 लोगों की मौत, चंबा और मंडी में 5 पुल बहे
क्या है खबर?
हिमाचल प्रदेश में बीते 2 हफ्तों में भारी बारिश ने 74 लोगों की जान ले ली है। आज चंबा और मंडी जिले में बादल फटने से 5 पुल बह गए हैं। चंबा में कंघेला नाले पर बना पुल बह गया। वहीं, मंडी जिले में एक वाहन और 3 पैदल पुल बह गए हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
नुकसान
मंडी, चंबा और कुल्लू सबसे ज्यादा प्रभावित
बाढ़ और भूस्खलन से मंडी, चंबा और कुल्लू सबसे ज्यादा प्रभावित है। बादल फटने से सबसे ज्यादा 14 मौतें मंडी जिले में हुई हैं। 31 लोग अभी भी लापता हैं। पिछले 24 घंटों में 258 ट्रांसफार्मर, 269 सड़कें और 278 जलापूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं। अकेले मंडी में 200 से ज्यादा सड़कें अवरुद्ध हैं। यहां 236 बिजली ट्रांसफार्मर और 278 जलापूर्ति योजनाएं भी बाधित हुई हैं। कुल्लू में 39 सड़कें और चंबा में 32 सड़कें अवरुद्ध हैं।
रोहतांग
रोहतांग दर्रे के पास खाई में गिरी कार, 4 की मौत
कुल्लू जिले के रोहतांग दर्रे के राहनीनाला के पास एक कार के सड़क से फिसलकर पहाड़ से नीचे गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई है। वाहन में 5 लोग सवार थे, जिनमें से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए मनाली के DSP केडी शर्मा ने कहा कि बचाव अभियान अभी भी जारी है और मृतकों और घायलों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
ट्विटर पोस्ट
भारी बारिश से 3 पैदल पुल बहे
#WATCH | Himachal Pradesh | Three culverts washed away along with a portion of land due to flooding in the drain near Kortang in Chauharghati under Padhar subdivision of Mandi district, says SDM Padhar Surjeet Singh
— ANI (@ANI) July 6, 2025
Details awaited.
(Video source: SDM Padhar) pic.twitter.com/5V4A9g6AiO
राशि
700 करोड़ रुपये से ज्यादा के नुकसान की आशंका
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वे हर तरह की परिस्थितियों को लेकर तैयार हैं। उन्होंने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास नहीं जाने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने की अपील की। राज्य आपातकालीन अभियान केंद्र (SEOC) के अनुसार, अब तक 566 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। हालांकि, मुख्यमंत्री का कहना है कि वास्तविक नुकसान 700 करोड़ तक पहुंच सकता है, क्योंकि आंकड़े अभी जुटाए जा रहे हैं।
दौरा
आलोचनाओं के बाद सांसद कंगना रनौत ने किया मंडी का दौरा
भाजपा सांसद कंगना रनौत ने आज बाढ़ प्रभावित मंडी का दौरा किया। उन्होंने कहा, "मंडी पर बहुत संकट आया है, बादल फटे हैं, कई जगह जलभराव हो गया है, संपर्क टूट गया है। सिराज, थुनाग के इलाकों में संपर्क टूट गया है लेकिन प्रशासन कड़ी नजर रख रहा है, प्रभावित लोगों के लिए राहत, बचाव के काम जारी है। हमारी टीम हर जगह पहुंची हुई है।" बता दें कि क्षेत्र से गायब रहने पर कंगना की आलोचना हो रही थी।
अलर्ट
मौसम विभाग ने 3 जिलों के लिए जारी किया रेड अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में अगले 24 घंटों में मध्यम से उच्च बाढ़ के खतरे की चेतावनी दी है। कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जिसके बाद यहां जिला प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है। किन्नौर और लाहौल और स्पीति को छोड़कर 7 अन्य जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।