Page Loader
दिल्ली से उत्तर प्रदेश तक कोहरे की चादर, इन राज्यों के लिए बारिश की चेतावनी
दिल्ली में छाई कोहरे की चादर (तस्वीर: फाइल)

दिल्ली से उत्तर प्रदेश तक कोहरे की चादर, इन राज्यों के लिए बारिश की चेतावनी

Jan 17, 2025
10:36 am

क्या है खबर?

पहाड़ों में जारी बर्फबारी के कारण इस समय पूरा उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में है। दिल्ली-NCR में गुरुवार को हुई झमाझम बारिश के बाद मौसम में ठंडक देखने को मिली। इससे शुक्रवार को दिल्ली में घना कोहरा छाया रहा। इससे हवाई और ट्रेन सेवा बाधित रही। इसी तरह, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य हो गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने तेज ठंड और बारिश की चेतावनी जारी की है।

दिल्ली

दिल्ली में कोहरे से 100 से अधिक उड़ानों के संचालन में देरी

दिल्ली में शुक्रवार सुबह कोहरे की मोटी चादर देखने को मिली। दृश्यता कम होने से 100 से अधिक उड़ाने और 27 ट्रेनों में संचालन में देरी हुई है। मौसम विभाग ने दिल्ली के न्यूनतम तापमान के 6 से 7 डिग्री तक लुढ़कने की आशंका जताई है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा प्रशासन ने यात्रियों के लिए परामर्श जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि CAT III मानकों का अनुपालन न करने वाली उड़ाने कोहरे से प्रभावित हो सकती हैं।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें देरी से चल रही ट्रेनों की सूची

जानकारी

दिल्ली में कोहरे के कारण खराब हुई वायु गुणवत्ता

दिल्ली में गुरुवार को हुई बारिश के बाद वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) भी थोड़ा सुधार देखने को मिला था, लेकिन शुक्रवार को घने कोहरे के बाद इसमें गिरावट आई है। दिल्ली में सुबह 7 बजे AQI 332 के साथ 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच गया।

बर्फबारी

पहाड़ों में बर्फबारी का दौर जारी

मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी होने की संभावना जताई है। हिमाचल प्रदेश, कश्मीर, उत्तराखंड और लद्दाख में फिलहाल जमकर बर्फबारी हो रही है। यहां कुछ क्षेत्रों का तापमान शून्य से भी नीचे पहुंच चुका है। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी से लोगों के हाथ-पांव तक जम रहे हैं। पहाड़ से आने वाली ठंडी हवा ने पहले ही मैदानी इलाकों का तापमान गिरा दिया है। बारिश होने से मैदानी इलाकों में भयंकर शीतलहर का प्रकोप बढ़ सकता है।

जानकारी

आज इन राज्यों में है बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, आज तामिलनाडु और केरल में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा जावुर, तिरुवरूर, नागपट्टनम, माइलदुथुरई, पुडुकोट्टई, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, लक्षद्वीप, छत्तीसगढ़ और दक्षिणी कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

चेतावनी

उत्तर भारत में बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी राजस्थान और हरियाणा में 18 और 20 जनवरी को फिर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है। जिसके चलते दिल्ली-NCR में 21 से 23 जनवरी के बीच हल्की बारिश हो सकती है। इसी तरह उत्तर प्रदेश, बिहार और पंजाब में कई जगहों पर बौछारें पड़ सकती है। ऐसे में पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, सौराष्ट्र और जम्मू कश्मीर में गंभीर शीतलहर चल सकती है।