किसी राज्य में नहीं है कोरोना वैक्सीन की कमी, न होने दी जाएगी- स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने बुधवार को कहा है कि देश में कहीं भी कोरोना वायरस वैक्सीन की कमी नहीं है। उनका यह बयान महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश से वैक्सीन की कमी को लेकर आ रही खबरों के बीच आया है। हर्षवर्धन ने कहा कि राज्यों को बता दिया गया है कि उन्हें जरूरत के हिसाब से वैक्सीन्स मिल जाएंगी और केंद्र सरकार किसी भी राज्य में वैक्सीन की कमी नहीं होने देगी। आइये, पूरी खबर जानते हैं।
महाराष्ट्र और आंध्र ने बताई थी वैक्सीन की कमी
बुधवार को महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश ने अपना यहां वैक्सीन के स्टॉक में कमी बताई थी। आंध्र सरकार का कहना था कि उसके पास 3.7 लाख खुराकें ही उपलब्ध हैं और रोजाना उसकी खपत 1.3 लाख खुराकों की है। राज्य ने केंद्र से एक करोड़ खुराकें भेजने की मांग की थी। इसी तरह महाराष्ट्र सरकार ने कहा था कि उसके पास तीन दिनों का ही स्टॉक बचा है और कमी के चलते उसे वैक्सीनेशन केंद्र बंद करने पड़ रहे हैं।
राज्यों को जरूरत के हिसाब से की जा रही आपूर्ति- हर्षवर्धन
इंडिया टुडे के अनुसार, महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री के वैक्सीन की कमी वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए हर्षवर्धन ने कहा कि मंगलवार को हुई बैठक में उनकी चिंता का समाधान कर दिया गया था। हर्षवर्धन ने कहा कि किसी राज्य में कोरोना वायरस वैक्सीन की कमी नहीं है और न ही होने दी जाएगी। सभी राज्यों को उनकी जरूरत के हिसाब के वैक्सीन की आपूर्ति की जा रही है।
महाराष्ट्र के पास बची हैं केवल 14 लाख खुराकें- टोपे
इससे पहले महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा था कि राज्य में ज्यादातर वैक्सीनेशन केंद्रों पर खुराकें नहीं हैं और इसकी वजह से उन्हें बंद करना पड़ा है। वैक्सीन लगवाने आ रहे लोगों को खुराकों की कमी के कारण वापस भेजना पड़ रहा है। उन्होंने कहा, "केवल 14 लाख खुराकें उपलब्ध हैं, इसका मतलब केवल तीन दिन का भंडार है। अगर रोजाना पांच लाख को वैक्सीन लगानी है तो हमें हफ्ते 40 लाख खुराकें चाहिए।"
देश में बढ़ रही संक्रमितों की संख्या
आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र की तरफ से ऐसे समय में वैक्सीन की कमी बताई गई है, जब देश में कोरोना संक्रमण की गति फिर तेज हो चुकी है और सरकार 45 साल से अधिक उम्र के लिए सभी लोगों के लिए वैक्सीनेशन शुरू कर चुकी है। सोमवार को देश में पहली बार 43 लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन की खुराक दी गई। वहीं मंगलवार को देश में कोरोना के रिकॉर्ड 1.15 लाख मामले सामने आए।
आंध्र, महाराष्ट्र और देश में वैक्सीनेशन की क्या स्थिति?
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, महाराष्ट्र में अब तक कोरोना वैक्सीन की 77,08,299 और आंध्र प्रदेश में 28,13,650 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। दोनों राज्यों में क्रमश: 8,51,018 और 4,52,961 लोगों को दोनों खुराकें लगाई जा चुकी हैं। देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 8,70,77,474 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। बीते दिन 33,37,601 खुराकें लगाई गईं। धीरे-धीरे वैक्सीनेशन अभियान रफ्तार पकड़ रहा है।