Page Loader
दिल्ली-NCR में बारिश और तेज हवाओं के साथ गिरे ओले; 4 की मौत, 100 उड़ानें प्रभावित
दिल्ली-NCR में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश

दिल्ली-NCR में बारिश और तेज हवाओं के साथ गिरे ओले; 4 की मौत, 100 उड़ानें प्रभावित

May 02, 2025
09:44 am

क्या है खबर?

दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में शुक्रवार सुबह मौसम कें अचानक करवट ली। इस दौरान पहले तेज हवाओं के साथ बारिश हुई और फिर ओलावृष्टि भी हुई। तेज हवाओं के कारण द्वारका में खेत में ट्यूबवेल के कमरे पर नीम का पेड़ गिरने से इमारत ढह गई। इससे कमरे में मौजूद एक महिला और 3 बच्चों सहित 4 की मौत हो गई। इसी तरह ओलावृष्टि और तेज हवाओं के कारण 100 से अधिक उड़ाने भी प्रभावित हुई है।

हालात

दिल्ली-NCR में कैसा रहा मौसम का हाल?

दिल्ली-NCR में सुबह साढ़े 5 से 6 बजे के बीच प्रगति मैदान में सबसे तेज़ हवाएं चलीं, जिनकी रफ्तार 78 किलोमीटर प्रति घंटा थी। इसी तरह इग्नू क्षेत्र में 52 किलोमीटर/घंटा, नजफगढ़ में 56 किलोमीटर/घंटा, लोधी रोड और पीतमपुरा दोनों जगहों पर 59 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। इसके बाद अचानक हुई बारिश से लाजपत नगर, आरके पुरम और द्वारका सहित कई प्रमुख इलाकों में जलभराव हो गया। इससे ट्रैफिक जाम की स्थिति हो गई।

हादसा

द्वारका क्षेत्र में कैसे हुई 4 लोगों की मौत

पुलिस ने बताया कि द्वारका क्षेत्र के खरखरी नहर गांव में एक खेत में ट्यूबवेल पर बने कमरे पर एक नीम का पेड़ गया गया। इससे कमरा धराशाही हो गया। उस दौरान कमरे में मलबे में 26 वर्षीय ज्योति और उसके 3 बच्चे फंस गए। पुलिस और दमकलकर्मियों की मदद से चारों को बाहर निकाला और जाफरपुर कलां के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चारों को मृत घोषित कर दिया। महिला के पति अजय को हल्की चोटें आई हैं।

अलर्ट

मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार सुबह दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया था, जिसमें अगले कुछ घंटों में भयंकर तूफान और 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई। ऐसे में सुबह ही शहर में काल घने बादल छा गए और तूफानी हालात पैदा हो गए। पालम स्टेशन ने 74 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। हालांकि, IMD ने बाद में रेड को ऑरेंज अलर्ट में बदल दिया।

जानकारी

मुख्यमंत्री गुप्ता ने किया कई इलाकों का दौरा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि के बाद राजधानी क्षेत्र के कई इलाकों का दौरा कर हालातों का जायाजा लिया। उन्होंने मजनूं का टिल्ला और ITO का दौरा करने के बाद अधिकारियों को पानी निकासी के आदेश दिए।

प्रभाव

100 से अधिक उड़ाने प्रभावित हुईं

पालम क्षेत्र में तेज हवाओं और बारिश के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्‌डे (IGI) पर 100 उड़ाने प्रभावति हुईं। इस दौरान 40 उड़ानों का मार्ग बदला, जबकि 100 उड़ाने देरी से चलीं। IGI प्रशासन ने एक्स पर लिखा, 'खराब मौसम के कारण कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं और यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपडेट फ्लाइट शेड्यूल के लिए अपनी संबंधित एयरलाइंस के संपर्क में रहें।' एयर इंडिया और इंडिगो दोनों ने भी एडवाइजरी जारी की है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें हवाई अड्‌डा क्षेत्र का वीडियो

चेतावनी

अन्य क्षेत्रों में भी तूफान की चेतावनी

IMD ने गुरुवार रात कहा कि अगले 2-3 घंटों में उत्तर, पूर्व और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ तेज तूफान और भारी बारिश होने की संभावना है। IMD के अनुसार, दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान, ओडिशा, छत्तीसगढ़, दक्षिण गंगीय पश्चिम बंगाल और तटीय आंध्र प्रदेश में बिजली, तेज हवाओं और ओलावृष्टि/बारिश के साथ तेज तूफान की संभावना है। चेतावनी के कुछ देर बाद ही सभी राज्यों में मौसम बदल गया।