उत्तरी हवाएं बंद होते ही बढ़ने लगा पारा, क्या बर्फबारी-बारिश से मिलेगी राहत?
क्या है खबर?
पहाड़ों से आने वाली ठंड़ी हवा थमने से देश के कई राज्यों में सर्दी का अहसास खत्म हो गया है। तापमान में इजाफा होने के साथ ही गर्मी तेवर दिखाने लगी है।
आने वाले 2 दिनों में 9 राज्यों में तेजी से गर्मी बढ़ेगी। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों से लेकर मैदानों तक होली से पहले मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
इस दौरान दिल्ली समेत कुछ राज्यों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बर्फबारी
पहाड़ों पर होगी भारी बारिश और बर्फबारी
नए पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव पहाड़ी राज्यों पर भी पड़ेगा। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 12-14 मार्च तक भारी बारिश और बर्फबारी का यलो अलर्ट और भूस्खलन की चेतावनी दी है।
सोमवार को गर्ज के साथ बारिश और हल्की बारिश से प्रदेश में मौसम बदलेगा।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में आज भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभवाना है।
इसके अलावा 11 से 14 मार्च के बीच ऐसा ही मौसम बने रहने का पूर्वानुमान है।
कारण
इस कारण बढ़ रहा तापमान
स्काईमेट के मुताबिक, अफगानिस्तान के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो 9 मार्च की रात जम्मू-कश्मीर पहुंच गया।
इसके बाद लगातार कई 2-3 पश्चिमी विक्षोभ आने से उत्तरी हवाएं नहीं चल पाएंगी और ठंडक खत्म हो जाएगी। इससे 15-16 मार्च तक अधिकतम तापमान बढ़ेगा।
उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में 11 मार्च से मौसम बदलने लगेगा और हल्की हवाओं के साथ बादल छाए रह सकते हैं। 13-14 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश हो सकती है।
चेतावनी
यहां चल सकती है लू
गुजरात में दिन का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। रविवार को सबसे अधिक राजकोट में 41.1 डिग्री दर्ज किया गया। IMD ने 10-12 मार्च के दौरान लू चलने की चेतावनी जारी की है।
ओडिशा में भी अगले 4-5 दिनों में 3-5 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ तापमान 40 डिग्री से अधिक होने की संभावना जताई है।
राजस्थान में आज तापमान में 2 डिग्री वृद्धि हो सकती है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ से बादल छाए रह सकते हैं।
दिल्ली
राजधानी पर होली पर बदलेगा मौसम
राजधानी दिल्ली में अभी भी सुबह-शाम की ठंड़क बनी हुई है, लेकिन दोपहर को तेज धूप पड़ रही है। आज यहां मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन 14 मार्च को बूंदाबांदी के आसार हैं।
यहां रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक 32.8 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम 13.5 डिग्री पर पहुंच गया।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज यहां धुंध रह सकती है और अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री रहने की संभावना है।