बढ़ते तापमान के बीच आ गया बारिश का अलर्ट, जानिए कहां-कहां बरस सकते हैं बादल
क्या है खबर?
देश के अधिकांश इलाकों में पारा चढ़ने से गर्मी जोर पकड़ने लगी है। दिल्ली से लेकर मुंबई तक तापमान 30 डिग्री के पार चला गया है।
इस कारण उत्तर भारत में लोगों ने गर्म कपड़ों को अलविदा कह दिया है, जबकि महाराष्ट्र के कई राज्यों में लू जैसे हालात बने हुए हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने होली पर नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई राज्यों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है।
बारिश
राजधानी में पलटेगा मौसम
दिल्ली में तापमान में इजाफा होने से गर्मी में तेजी से बढ़ रही है। अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री और न्यूनतम 13-16 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
यहां 11 और 12 और मार्च को तेज हवाएं चलेंगी, जबकि 13 मार्च को आसमान में बादल छाए रहेंगे।
पश्चिमी विक्षोभ से 14 मार्च को राजधानी के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी होने के आसार हैं। इससे न्यूनतम तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन अधिकतम में गिरावट की संभावना है।
पूर्वानुमान
उत्तर प्रदेश में कब बदलेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में होली से पहले मौसम में बदलाव हो सकता है। आज तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी का सितम झेलना पड़ेगा।
इसके बाद 11 और 12 मार्च को प्रदेश में 20 से 30 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इसके साथ ही 14 मार्च को बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आएगी।
राजस्थान के अधिकांश इलाकों से सर्दी विदा ले चुकी है और 1-2 दिनों में तापमान 2-3 डिग्री बढ़ सकता है।
बर्फबारी
बर्फबारी से फिर बढ़ेगी सर्दी
उत्तराखंड़ में आज मौसम शुष्क रहेगा और कहीं-कहीं बादल छाए रह सकते हैं। पहाड़ों पर नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिए होने से बादलों की आवाजाही के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी।
मौसम विभाग की मानें तो 9 से 14 मार्च तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है।
इससे एक बार फिर न्यूनतम तापमान शून्य के नीचे आने का अनुमान है। इसका असर मैदानी इलाकों में नजर आएगा।