Page Loader
महाराष्ट्र: बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच नागपुर में 15 मार्च से लगेगा पूर्ण लॉकडाउन

महाराष्ट्र: बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच नागपुर में 15 मार्च से लगेगा पूर्ण लॉकडाउन

Mar 11, 2021
04:06 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा है। बुधवार को भी राज्य में 13,000 से अधिक नए मामले सामने आए हैं। इसी तरह नागपुर में भी संक्रमण के मामलों में इजाफा हो रहा है। इसको देखते हुए नागपुर प्रशासन ने 15 मार्च से पुलिस आयुक्त क्षेत्र में एक सप्ताह का पूर्ण लॉकडाउन लागू करने की घोषणा की है। इस दौरान आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य सेवाएं पूरी तरह से बंद रहेगी।

हालात

महाराष्ट्र में यह है संक्रमण के हालात

महाराष्ट्र में बुधवार को कोरोना संक्रमण के 13,659 नए मामले सामने आए हैं और 54 मरीजों की मौत हुई। राज्य में पिछले पांच महीनों में यह सबसे अधिक संख्या है। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 22,52,057 पर पहुंच गई है और अब तक 52,610 लोगों की मौत हो चुकी है। इसी तरह नागपुर में 1,710 नये मामले सामने आए हैं। इसके साथ शहर में संक्रमितों की संख्या 2.43 लाख से ऊपर पहुंच गई है।

निर्णय

बढ़ते मामलों देखते हुए लिया लॉकडाउन का निर्णय- संरक्षक मंत्री

नागपुर के संरक्षक मंत्री नितिन राउत ने कहा बढ़ते मामलों के बाद लॉकडाउन का निर्णय किया गया है। शहरी इलाके में 15 से 21 मार्च तक पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। केवल आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी। सरकारी कार्यालय 25 प्रतिशत क्षमता पर कार्य करेंगे और सभी निजी कार्यालय पूरी तरह से बंद रहेंगे। उन्होंने बताया कि महीने से ही 7 मार्च तक जिले के सभी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान बंद कर दिए गए थे, लेकिन अब पूर्ण लॉकडाउन लागू किया गया है।

जानकारी

मीडियाकर्मियों के लिए आवश्यक होगी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट

मंत्री राउत ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान मीडियाकर्मियों को पहचान पत्र दिखाने के बाद ही शहर में घूमने की इजाजत दी जाएगी। इसके अलावा सभी मीडियाकर्मियों को कवरेज पर जाने के दौरान कोरोना वायरस की टेस्ट रिपोर्ट अपने साथ लेकर चलना होगा।

मुंबई

BMC ने जताई लॉकडाउन लागू करने की आशंका

इधर, मुंबई में बुधवार को 1,539 नए मामले सामने आने के बाद बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) की चिंता बढ़ गई है। इसको लेकर अतिरिक्त नगर आयुक्त सुरेश काकानी ने कहा है कि अभी तक लॉकडाउन की योजना नहीं बनाई गई है, लेकिन यदि मामले बढ़ते रहे और लोगों ने सहयोग नहीं किया तो लॉकडाउन सहित अन्य सख्त कदम उठाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा फिलहाल शहर में बढ़ते मामलों की समीक्षा की जा रही है। उसके बाद निर्णय किया जाएगा।

जानकारी

मुंबई में तेजी से बढ़ रहे हैं मामले

बता दें कि मुंबई में पिछले एक सप्ताह से संक्रमण के मामलों में इजाफा हो रहा है। सोमवार को शहर में 1,014 और मंगलवार 1,012 नए मामले सामने आए थे, लेकिन बुधवार को इसमें 500 से अधिक मामलों का इजाफा देखने को मिला है।

कार्रवाई

महामारी के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर की जाएगी कार्रवाई

काकानी ने कहा कि हाल में बढ़ते मामलों को देखते हुए कई नेताओं ने मुंबई के पब, नाइट क्लब और समुद्र तटों पर भीड़भाड़ को लेकर चिंता जताई है। ऐसे में अब महामारी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी में भी संक्रमण के मामले सामने आए हैं। ऐसे में इस समय धारावी में संक्रमण को पूरी तरह खत्म करने पर फोकस किया जा रहा है।

चेतावनी

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी दी लॉकडाउन लागू करने की चेतावनी

इधर, गुरुवार को मुंबई के जेजे अस्पताल में कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक लगवाने के बाद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि आने वाले कुछ दिनों में राज्य के कुछ स्थानों पर सख्त लॉकडाउन लागू किया जा सकता है। अभी कई जगहों पर पाबंदियां लगाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि वैसे अभी स्थिति नियंत्रण से बाहर नहीं हुई है, लेकिन स्थिति पर समय रहते नियंत्रण के लिए कुछ जगहों पर लॉकडाउन लागू करने का जल्द निर्णय लिया जाएगा।

जानकारी

मुख्यमंत्री ने लोगों से की वैक्सीन लगवाने की अपील

मुख्यमंत्री ठाकरे ने कहा कि वैक्सीनेशन अभियान की दोनों वैक्सीन सुरक्षित है। ऐसे में लोगों को इससे डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने वैक्सीन लगवाने के लिए पात्र लोगों से आगे आकर वैक्सीन लगवाने तथा वैक्सीनेशन अभियान को गति देने की अपील की है।

सबसे ज्यादा

महाराष्ट्र में पिछले तीन महीनों में फरवरी में सामने आए सबसे अधिक मामले

महाराष्ट्र में पिछले तीन महीनों में फरवरी में सबसे अधिक 1.31 लाख नए मामले सामने आए हैं। जनवरी में 92,177 और दिसंबर में 1.20 लाख नए मामले आए थे। हालांकि, राहत की बात यह है कि कोरोना से होने वाली मौतों में लगातार कमी आ रही है। दिसंबर में 2,370 लोगों की मौत हुई थी, जो जनवरी में घटर 1,561 और फरवरी में 1,072 पर आ गई है। मुंबई में फरवरी में सक्रिय मामलों में 4,077 का इजाफा हुआ है।