LOADING...
मुंबई में अभी लॉकडाउन लगाने की कोई योजना नहीं, टेस्टिंग पर रहेगा जोर- BMC

मुंबई में अभी लॉकडाउन लगाने की कोई योजना नहीं, टेस्टिंग पर रहेगा जोर- BMC

Feb 21, 2021
10:39 am

क्या है खबर?

कोरोना संक्रमण की तेज गति का सामना कर रही देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में लॉकडाउन लागू करने की कोई योजना नहीं है। बृह्नमुंबई महानगरपालिका (BMC) का कहना है कि शहर में अभी लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा बल्कि टेस्टिंग और इलाज पर जोर दिया जाएगा। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर मास्क न पहनने वालों के खिलाफ कड़ाई बरती जाएगी। गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से मुंबई समेत महाराष्ट्र कई जिलों में कोरोना मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं।

कोरोना वायरस

मुंबई में लॉकडाउन कोई विकल्प नहीं- काकणी

इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, BMC के अतिरिक्त निगम आयुक्त सुरेश काकणी ने कहा, "मुंबई में लॉकडाउन कोई विकल्प नहीं है, लेकिन हम सबसे बुरी स्थिति के लिए तैयारी कर रहे हैं। मैंने सभी संबंधित विभागों से तैयार करने को कहा है ताकि मरीजों की संख्या बढ़ने पर उन्हें इलाज के लिए भर्ती किया जा सके।" मुंबई के सरकारी और निजी अस्पतालों में 11,968 आइसोलेशन बेड है, जिनमें से लगभग 9,000 अभी खाली पड़े हैं।

बयान

निजी अस्पतालों को आइसोलेशन बेड कम करने की छूट नहीं

काकणी ने बताया कि निजी अस्पतालों के 2,523 आइसोलेशन बेड में से लगभग 800 पर मरीज भर्ती है। पहले इन अस्पतालों को आइसोलेशन बेड कम करने की छूट दी जा रही थी, लेकिन मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी के बाद इसे रोक दिया गया है।

कोरोना का प्रकोप

मुंबई में आने वाले दिनों में बढ़ सकती हैं मौतें- डॉक्टर

मुंबई में बीते दिन कोरोना वायरस के 897 नए मामले सामने और तीन लोगों की मौत हुई। इसके साथ ही यहां संक्रमितों की कुल संख्या 3,18,207 हो गई है। डॉक्टरों का कहना है कि तेजी से बढ़ते मामलों के कारण आने वाले दिनों में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। बता दें कि कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि को देखते हुए मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में कड़ी पाबंदियां लगा दी गई हैं।

कोरोना वायरस

महाराष्ट्र में बीते दिन मिले 6,000 से ज्यादा नए मरीज

अगर पूरे महाराष्ट्र की बात करें तो यहां बीते दिन 6,281 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई, जो जनवरी में मिल रहे दैनिक मामलों से दोगुने हैं। मुंबई के अलावा अमरावती, नागपुर और अकोला में भी बढ़ते मरीजों की संख्या प्रशासन की चिंता बढ़ा रही है। बीते दिन तीनों जिलों में क्रमश: 1,055, 717 और 348 नए मामले सामने आए। अमरावती में तो मुंबई से भी ज्यादा लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई।

महाराष्ट्र

क्या है बढ़ते मामलों की वजह?

महामारी पर महाराष्ट्र सरकार के सलाहकार डॉ सुभाष सलुंखे ने कहा कि अमरावती और अकोला में कोरोना वायरस के मामलों में तेज बढ़ोतरी देखी गई है। दोनों जिलों से लोगों की आवाजाही के कारण पूरे राज्य में संक्रमण की गति तेज हो रही है। उन्होंने कहा कि शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में संक्रमण फैल रहा है। ऐसे में डॉक्टरों ने 50 साल से अधिक उम्र के लोगों और दूसरी बीमारियों के मरीजों को वैक्सीन देने की जरूरत बताई है।

जानकारी

वैक्सीनेशन का तीसरा चरण जल्द शुरू करना चाहता है महाराष्ट्र

राज्य कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में तेज इजाफे को देखते हुए राज्य सरकार वैक्सीनेशन का तीसरा चरण जल्द शुरू करना चाहती है। इसके लिए राज्य सरकार जल्द ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से मंजूरी मांगेगी।

कोरोना वायरस

देशभर में महामारी की क्या स्थिति?

बीते दिन महाराष्ट्र के सबसे ज्यादा योगदान के चलते भारत में कोरोना महामारी के 14,264 नए मामले सामने आए और 90 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,09,91,651 हो गई है। इनमें से 1,56,302 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। वहीं सक्रिय मामले लगातार चौथे दिन बढ़ते हुए 1,45,634 हो गए हैं। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश बना हुआ है।