Page Loader
पेंशन निकासी से LPG सिलेंडरों की कीमत तक, साल 2025 में होंगे ये बड़े बदलाव
नए साल में होंगे कई अहम बदलाव

पेंशन निकासी से LPG सिलेंडरों की कीमत तक, साल 2025 में होंगे ये बड़े बदलाव

Dec 26, 2024
06:18 pm

क्या है खबर?

साल 2024 के खत्म होने में अब 5 दिन बचे हैं और लोग नए साल यानी 2025 के स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं। इस बीच नए साल में कुछ बदलाव होने वाले हैं। ये बदलाव 1 जनवरी से ही लागू हो जाएंगे। ये बदलाव देश भर के घरों और वित्तीय प्रणालियों को प्रभावित करेंगे। इन बदलावों में LPG सिलेंडरों की कीमत, कृषि ऋण और पेंशन निकासी सहित बहुत कुछ शामिल है। आइए इन सभी के बारे में जानते हैं।

#1

LPG सिलेंडरों की कीमतों में बदलाव संभव

तेल कंपनियां 1 जनवरी, 2025 से LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव करेंगी। इनमें घरेलू और व्यावसायिक दोनों तरह के सिलेंडर शामिल होंगे। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत वर्तमान में 73.58 डॉलर प्रति बैरल है। 14 किलोग्राम वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमतें स्थिर रही है। यह अभी 803 से 810 के बीच है, लेकिन इसमें बदलाव की उम्मीद है। अगर, कीमतों में इजाफा होता है तो यह सीधा आम आदमी की जेब पर असर डालेगा।

जानकारी

विमानन ईंधन की कीमतों में भी हो सकता है बदलाव

तेल कंपनियां 1 जनवरी से ही विमानों में इस्तेमाल होने वाले ईंधन (फ्यूल) की कीमतों में भी बदलाव कर सकती है। इसका सीधा असर हवाई यात्रा के किराए पर पड़ेगा। दिल्ली में वर्तमान में विमानन ईंधन की कीमत 90,538 रुपये प्रति लीटर है।

#2

कार की कीमतों में भी होगी बढ़ोतरी

नये साल में कार की कीमतें बढ़ने वाली हैं, जिससे वाहन खरीदना महंगा हो जाएगा। 1 जनवरी, 2025 से मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स, हुंडई, महिंद्रा, होंडा और किआ, मर्सिडीज-बेंज, ऑडी और BMW जैसे वाहन निर्माता कंपनियों ने अपने वाहनों की कीमतों में 2 से 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। कंपनियों ने इसके पीछे अधिक उत्पादन लागत, माल ढुलाई शुल्क में वृद्धि, बढ़ती मजदूरी और विदेशी मुद्रा में अस्थिरता को कारण बताया है।

#3

पेंशन निकासी के नियमों में होगा बदलाव

नया साल पेंशन धारकों के लिए राहत लेकर आएगा। 1 जनवरी, 2025 से पेंशन निकासी के नियम आसान हो जाएंगे। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) पेंशनर्स के लिए नया नियम लागू करने जा रहा है। इसके तहत पेंशनर्स बिना किसी अतिरिक्त सत्यापन के भारत के किसी भी बैंक से पेंशन निकाल पाएंगे। इस सुविधा का देश के 78 लाख से अधिक EPS पेंशनभोगियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। यह पेंशनर्स के लिहाज से बड़ा बदलाव होगा।

#4

GST अनुपालन में होगा बदलाव

1 जनवरी, 2025 से सख्त GST अनुपालन नियम लागू होंगे। सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव में व्यवसायों को GST पोर्टल एक्सेस के लिए मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (MFA) को अपनाना होगा और OTP जैसे एडिशनल वेरिफिकेशन स्टेप के जरिए सुरक्षा को बढ़ाना होगा। इसके अलावा, ई-वे बिल (EWB) केवल पिछले 180 दिनों में जारी किए गए दस्तावेजों के लिए ही बनाए जा सकेंगे, जिससे माल की समय पर आवाजाही होगी और बिल में रिकॉर्ड अपडेट रहेगा।

जानकारी

किसानों को बिना गारंटी मिलेगा ऋण

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के एक नए नियम की बदौलत 1 जनवरी, 2025 से किसान को 2 लाख रुपये तक का ऋण बिना गारंटी मिलेगा। इस बदलाव से 1.6 लाख रुपए की पिछली सीमा बढ़ जाएगी। इससे किसानों को आसानी से बड़े ऋण मिल जाएंगे।

#5

अमेरिकी वीजा नियमों में होगा बदलाव

1 जनवरी, 2025 से भारत स्थित अमेरिकी दूतावास गैर-अप्रवासी वीजा आवेदकों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपने अपॉइंटमेंट को एक बार पुनर्निर्धारित करने की अनुमति देगा। हालांकि, दूसरी बार उन्हें आवेदन शुल्क देना होगा। यह बदलाव अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग द्वारा H-1B प्रक्रिया को आधुनिक बनाने के लिए लाए गए नए नियम के साथ-साथ आया है, जिससे नियोक्ताओं के लिए अधिक लचीलापन और भारतीय F-1 वीजा धारकों के लिए आसान परागमन उपलब्ध होगा।

जानकारी

थाईलैंड के लिए शुरू होगी ई-वीजा सुविधा

1 जनवरी, 2025 से दुनिया भर के पर्यटक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से थाईलैंड ई-वीजा के लिए आवेदन कर सकेंगे। इससे पहले यह सुविधा कुछ देशों के यात्रियों के लिए ही उपलब्ध थी। अब सभी देश के लोग इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे।

#6

UPI 123-पे की लेनदेन सीमा बढ़ेगी

RBI ने फीचर फोन के जरिए ऑनलाइन भुगवान को सक्षम करने के लिए UPI 123-पे की शुरुआत की है। यह सुविधा उन फीचर फोन उपयोगकर्ताओं के लिए है जिनके पास इंटरनेट का उपयोग नहीं है। इसके तहत 1 जनवरी, 2025 से लेनदेन की सीमा 5,000 रुपए से बढ़कर 10,000 रुपए हो जाएगी। दरअसल, इस सीमा में इजाफा करने का मकसद इस प्लेटफॉर्म के जरिए बड़े लेन-देन को आसान बनाना है।

#7

पुराने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए व्हाट्सऐप में बदलाव

व्हाट्सऐप जल्द ही किटकैट जैसे पुराने ऑपरेटिंग सिस्टम (OS) पर चलने वाले कई एंड्रॉयड डिवाइसों पर काम करना बंद कर देगा। यह बदलाव सैमसंग, LG, सोनी, HTC और मोटोरोला जैसे ब्रांड के लोकप्रिय मॉडलों को प्रभावित करेगा। खास तौर पर ऐसे फोन जो 9 से 10 साल पहले लॉन्च हुए थे। मेटा ने कहा है कि पुराने ऑपरेटिंग सिस्टम के लिए अपडेट बंद करने का उद्देश्य ऐप की सुरक्षा और कार्यक्षमता को बेहतरन बनाए रखना है।

जानकारी

शेयर बाजार समाप्ति नियम में बदलाव

सेंसेक्स, सेंसेक्स-50 और बैंकेक्स इंडेक्स की मासिक समाप्ति (मंथली एक्सपायरी) दिन 1 जनवरी से बदल जाएंगे। अब ये समाप्ति शुक्रवार की जगह मंगलवार को होंगी। तिमाही और अर्धवार्षिक अनुबंध अंतिम मंगलवार और निफ्टी 50 मासिक अनुबंध गुरुवार को समाप्त होंगे।