Page Loader
दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर शुरू हुईं सेवाएं, टाइमिंग भी महामारी से पहले की तरह

दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर शुरू हुईं सेवाएं, टाइमिंग भी महामारी से पहले की तरह

Sep 12, 2020
12:50 pm

क्या है खबर?

दिल्ली मेट्रो की सेवाओं को लगभग 170 दिन बाद पूरी तरह से शुरू कर दिया गया है और आज से इसकी सभी लाइनों पर सेवाएं शुरू हो गईं। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर भी सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। इसके अलावा इसकी टाइमिंग को भी बढ़ाकर महामारी से पहले के समय के बराबर कर दिया गया है और अब सुबह 6 बजे से लेकर रात के 11 बजे तक मेट्रो ट्रेनें चलेंगी।

पृष्ठभूमि

22 मार्च को बंद हुई थी दिल्ली मेट्रो

कोरोना वायरस महामारी के कारण 22 मार्च को दिल्ली मेट्रो की सेवाओं को बंद कर दिया गया था और ये पांच महीने से अधिक समय के लिए बंद रहीं। पिछले महीने अनलॉक-4 की गाइडलाइंस जारी करते हुए केंद्र सरकार ने राज्यों को फिर से मेट्रो सेवाएं शुरू करने की इजाजत दे दी, जिसके बाद दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने 7 सितंबर से 12 सितंबर के बीच तीन चरणों में मेट्रो सेवाएं शुरू करने का ऐलान किया था।

चरण

इस-इस दिन शुरू हुए तीनों चरण

पहले चरण में 7 सितंबर को येलो लाइन और रैपिड मेट्रो पर मेट्रो सेवाओं को शुरू किया गया। हालांकि इस दौरान केवल कुछ ही घंटे के लिए ही मेट्रो चलाई गईं। शुक्रवार को शुरू हुए दूसरे चरण में रेड, ग्रीन और वाइलेट लाइन पर सेवाओं को शुरू कर दिया गया और सेवाओं के घंटों को भी बढ़ा दिया गया। तीसरा चरण आज से शुरू हुआ है और इसमें सभी लाइनों पर सुबह 6 से रात 11 बजे तक मेट्रो चलेंगी।

नियम

संक्रमण से बचाव के लिए दिल्ली मेट्रो में सख्त नियम लागू

सेवाएं शुरू होने पर दिल्ली मेट्रो में सख्त नियम लागू किए गए हैं। जिन लोगों में कोरोना वायरस से संक्रमण जैसे लक्षण नहीं होंगे, केवल उन्हें ही मेट्रो में घुसने दिया जाएगा और कंटेनमेंट जोन के स्टेशन बंद रहेंगे। स्टेशन पर घुसने से पहले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी और उनसे फोन में आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करने को कहा जाएगा। टोकन और कैश लेनदेन को बंद कर दिया गया है। मास्क और एक मीटर की दूरी अनिवार्य है।

व्यवस्था

केवल 20 प्रतिशत क्षमता पर चलेंगी मेट्रो ट्रेनें

सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित करने के लिए ट्रेनें केवल 20 प्रतिशत क्षमता पर चलेंगी और यात्रियों के बीच एक सीट का अंतर रहेगा। यात्रियों को कम बोलने की सलाह भी दी गई है ताकि संक्रमण फैलने का खतरा न रहे। भीड़ वाले घंटों में हर साढ़े सात मिनट पर एक मेट्रो आएगी, जबकि सामान्य घंटों में 10 मिनट और रविवार और शनिवार को 15 मिनट पर मेट्रो आएगी। रविवार को सुबह 8 से रात 10 बजे तक सेवाएं चलेंगी।

सलाह

भीड़ से बचने के लिए ऑफिस का समय अलग-अलग रखने की सलाह

इसके अलावा यात्रियों को ऑफिस आदि आने-जाने के समय को अलग-अलग रखने की सलाह भी दी गई है ताकि सुबह-शाम और पीक टाइम पर भीड़ इकट्ठा न हो। DMRC ने कहा है कि वह चाहती है कि कुछ घंटों में यात्रियों की संख्या पीक करने के बजाय पूरे समय पर यात्रियों की संख्या लगभग एक समान रहे। DMRC ने जो लोग घर से ही काम कर सकते हैं, उनसे ऐसा करने की अपील भी की है।