Page Loader
कोरोना वायरस: राज्यों में लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू का क्या असर देखने को मिल रहा है?

कोरोना वायरस: राज्यों में लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू का क्या असर देखने को मिल रहा है?

Apr 27, 2021
05:15 pm

क्या है खबर?

कोरोना महामारी की दूसरी लहर ने देश में कोहराम मचा रखा है। प्रतिदिन लाखों नए मामले आ रहे हैं और हजारों की मौत हो रही है। चिकित्सा विशेषज्ञ महामारी पर नियंत्रण के लिए लॉकडाउन की सिफारिश कर रहे हैं। इसी बीच प्रभावित राज्यों ने लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू जैसे सख्त कदम उठाए भी हैं, लेकिन सख्ती से पालन न होने से अपेक्षित परिणाम नजर नहीं आ रहे हैं। इन राज्यों में लॉकडाउन के बाद भी संक्रमण फैल रहा है।

#1

उत्तर प्रदेश में सात दिन में नए मामलों की संख्या में हुआ 3,797 का इजाफा

उत्तर प्रदेश सरकार ने 21 अप्रैल से राज्य में सप्ताहांत लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया था। उस दिन राज्य में 29,754 नए मामले सामने आए थे और 162 मरीजों की मौत हुई थी। उस दौरान राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 9,42,511 और मृतकों की संख्या 10,346 थी। इसी तरह सक्रिय मामलों की संख्या 2,42,265 थी। राज्य में सख्ती के बाद भी मामले बढ़ते गए और सोमवार को 33,551 नए मामले सामने आए।

जानकारी

उत्तर प्रदेश में सात दिन में हुई 1,255 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश में सात दिन में मृतकों की संख्या 1,255 के इजाफे के साथ 11,414 पर पहुंच गई है। राज्य में सोमवार को 249 लोगों की मौत हुई है। इसी तरह सक्रिय मामलों की संख्या 61,934 की इजाफे के साथ 3,01,199 पर पहुंच गई है।

#2

कर्नाटक में तेजी से बिगड़ रहे हैं हालात

कर्नाटक सरकार ने 10 अप्रैल को सात जिलों में नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया था। उस दिन संक्रमण के 7,955 मामले सामने आए थे और 46 मरीजों की मौत हुई थी। इसके बाद भी मामलों में गिरावट नहीं आई और 22 अप्रैल तक नए मामलों की संख्या 25,795 और मृतकों की संख्या 123 पर पहुंच गई। इसके बाद सरकार ने 23 अप्रैल से सप्ताहांत लॉकडाउन का ऐलान कर दिया, लेकिन सोमवार को नए मामलों की संख्या 29,744 पर पहुंच गई।

इजाफा

कर्नाटक में इस तरह से बढ़ रहे हैं मामले

कर्नाटक में 10 अप्रैल को संक्रमितों की कुल संख्या 10,48,085 और मृतकों की संख्या 12,813 थी जो 23 अप्रैल को बढ़कर 12,47,997 और 13,885 मौतों पर पहुंच गई। इसके बाद सप्ताहांत लॉकडाउन लागू होने के चार दिनों में संक्रमितों की संख्या 1,20,948 की इजाफे के साथ 13,68,945 पर पहुंच गई और मृतकों की संख्या 742 के इजाफे के साथ 14,627 पर पहुंच गई है। इसी तरह सक्रिय मामलों की संख्या 2,81,061 पर पहुंच गई।

#3

छत्तीसगढ़ में लॉकडाउन के बाद भी तेजी से बढ़ रहा संक्रमण

छत्तीसगढ़ सरकार ने 10 अप्रैल को राज्य के अधिकांश जिलों में लॉकडाउन की घोषणा की थी। उस दिन राज्य में 11,447 नए मामले आए थे और 56 मौतों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 4,18,678 और मृतकों की संख्या 4,654 पर पहुंच गई थी। इसके बाद भी हालात नहीं सुधर रहे हैं। सोमवार को राज्य में 15,084 नए मामले आए और 226 की मौत हुई। कुल संक्रमितों की संख्या 6,67,446 पर पहुंच गई है और 7,536 मौतें हो चुकी हैं।

#4

मध्य प्रदेश में सख्ती के बाद भी नए मामलों में हुआ 8,000 का इजाफा

मध्य प्रदेश में 9 अप्रैल को शहरी क्षेत्रों में सप्ताहांत लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया था। उस दिन राज्य में 4,882 नए मामले और 32 मौतों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 3,27,220 और मृतकों की संख्या 4,136 पर पहुंच गई थी। इसके बाद भी हालात नहीं सुधरे और 26 अप्रैल को राज्य में 12,686 नए मामले आए और 88 लोगों की मौत हुई। राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 5,11,990 और मृतकों की संख्या 5,221 पर है।

#5

पंजाब में नाकाम साबित हो रहा नाइट कर्फ्यू

पंजाब सरकार ने 7 अप्रैल को राज्य में 30 अप्रैल तक नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया था। उस दिन राज्य में 2,905 नए मामले और 61 मौतों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 2,57,057 और मृतकों की संख्या 7,216 थी। इसके बाद भी हालात नहीं सुधरे और 26 अप्रैल को राज्य में 6,276 नए मामले आए और 98 लोगों की मौत हुई। राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 3,45,366 और मृतकों की संख्या 8,530 पर पहुंच गई है।

#6

राजस्थान में कर्फ्यू के बाद भी नहीं थम रही संक्रमण की रफ्तार

राजस्थान ने 16 अप्रैल को सप्ताहांत लॉकडाउन और 19 अप्रैल को 3 मई तक के लिए कर्फ्यू का ऐलान किया था। 16 अप्रैल को 9,046 नए मामले और 37 मौतों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 3,95,309 और मृतकों की संख्या 3,072 थी। इसके बाद हालात बिगड़ते गए और 26 अप्रैल को राज्य में 16,438 नए मामले आए और 84 लोगों की मौत हुई। राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 5,30,875 और मृतकों की संख्या 3,685 पर पहुंच गई है।

#7

गुजरात में पूरी तरह नाकाम रहा है नाईट कर्फ्यू

गुजरात सरकार ने 7 अप्रैल को राज्य के 20 शहरों में नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया था। उस दिन राज्य में 3,105 नए मामले और 17 मौतों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 3,22,474 और मृतकों की संख्या 4,655 थी। इसके बाद भी हालात बिगड़ते गए और 26 अप्रैल को राज्य में 14,340 नए मामले आए और 158 लोगों की मौत हुई। राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 5,10,373 और मृतकों की संख्या 6,486 पर पहुंच गई है।

राहत

महाराष्ट्र में दिखने लगा पूर्ण कर्फ्यू का असर

महाराष्ट्र में लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू का अपेक्षित असर देखने को मिल रहा है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने 14 अप्रैल से राज्य में 15 दिनों के लिए पूर्ण कर्फ्यू का ऐलान किया था। उस दिन राज्य में संक्रमण के 60,212 नए मामले सामने आए थे और 281 मरीजों की मौत हुई थी, लेकिन अब राज्य में नए मामलों में गिरावट आने लगी है। 26 अप्रैल को राज्य में 48,700 नए मामले सामने आए और 524 मरीजों की मौत हुई।

जानकारी

दिल्ली में भी नए मामलों में आने लगी है गिरावट

दिल्ली में 19 अप्रैल से लॉकडाउन की घोषणा की गई थी। उस दिन यहां 25,462 नए मामले सामने आए थे, लेकिन उसके बाद से इसमें गिरावट आ रही है। सोमवार को दिल्ली में 20,201 नए मामले सामने आए हैं। यह बड़ी राहत की बात है।

संक्रमण

भारत में यह है कोरोना संक्रमण की स्थिति

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 3,23,144 नए मामले सामने आए और 2,771 मरीजों की मौत हुई। बीते कई दिनों से रोजाना तीन लाख से अधिक लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,76,36,307 हो गई है। इनमें से 1,97,894 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 28,82,204 हो गई है।

जानकारी

आठ राज्यों में एक लाख से अधिक सक्रिय मामले

वर्तमान में देश के आठ राज्यों में एक लाख से अधिक सक्रिय मामले हैं। इनमें महाराष्ट्र (6.76 लाख), उत्तर प्रदेश (3.04 लाख), कर्नाटक (2.81 लाख), केरल (2.33 लाख), राजस्थान (1.46 लाख), छत्तीसगढ़ (1.21 लाख), गुजरात (1.21 लाख) और तमिलनाडु में (1.07 लाख) शामिल हैं।