Page Loader
बेटे ने पूछा पिता का नाम, मां ने 27 साल बाद दर्ज कराया दुष्कर्म का मामला

बेटे ने पूछा पिता का नाम, मां ने 27 साल बाद दर्ज कराया दुष्कर्म का मामला

Mar 06, 2021
07:45 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर में 27 साल पहले 12 साल की उम्र में दुष्कर्म का शिकार हुई एक महिला के जख्मों को उसके बेटे द्वारा पूछे गए सवाल ने फिर हरा कर दिया। दरअसल, महिला दुष्कर्म के बाद गर्भवती हो गई थी और वह लोक-लाज के डर से इस घटना को जहर का घूंट समझकर पी गई थी, लेकिन जब उसके बेटे ने अपने पिता का नाम पूछा तो उसने 27 साल बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया।

प्रकरण

आरोपी ने घर में घुसकर किया था दुष्कर्म

पुलिस अधीक्षक (SP) संजय कुमार ने PTI को बताया कि महिला ने जरिए इस्तगासा मामला दर्ज कराया है। इस्तगासे के अनुसार पीड़िता करीब 27 वर्ष पहले 12 वर्ष की उम्र में शाहजहांपुर में अपनी बहन और जीजा के घर में रहती थी। उसी दौरान उसी मोहल्ला निवासी नाकी हसन एक दिन उसके घर में घुस आया और उससे दुष्कर्म किया। उन्होंने बताया कि आरोपी के अलावा उसके भाई गुड्डू ने भी पीड़िता से दुष्कर्म किया था।

हालात

आरोपियों ने कई बार किया था पीड़िता से दुष्कर्म

SP कुमार ने बताया कि आरोपियों ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके कारण वह महज 13 साल की उम्र में ही गर्भवती हो गई थी और 1994 में उसने एक बच्चे को जन्म दिया था। उन्होंने बताया कि इस बच्चे को शाहाबाद के उधमपुर गांव के व्यक्ति को दे दिया गया। इसी बीच पीड़िता के बहनोई का ट्रांसफर रामपुर जिले में हो गया और किशोरी भी उनके साथ चली गई। इसके बाद बच्चा गांव में ही पलता रहा।

शादी

दुष्कर्म का पता लगाने पर पति ने दे दिया था तलाक

SP कुमार ने बताया पीड़िता के जीजा ने उसका गाजीपुर निवासी एक व्यक्ति के विवाह करा दिया था, लेकिन 10 साल बाद दुष्कर्म का पता लगने पर पति ने उसे तलाक दे दिया। उसके बाद पीड़िता अपने गांव आकर रहने लगी। उन्होंने बताया कि अब तक महिला का बेटा बड़ा हो गया था और उसने अपने माता पिता के बारे में जानना चाहा तो उसे उसकी मां का नाम बता दिया गया। इसके बाद मां के पास पहुंच गया।

नाम

बेटे ने पिता का नाम पूछा तो खुला मामला

SP कुमार ने बताया कि पीड़िता का बेटा जब उससे मिलने पहुंचा तो उसने सारी बात की और अपने पिता के बारे में जानना चाहा। इससे पीड़िता चुप नहीं रह सकी और उसने अपनी दर्दभरी दास्तां बयां कर दी। इसके बाद पीड़िता ने न्यायालय में इस्तागासा पेश कर दिया। न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि बेटे और आरोपियों के DNA की जांच कराई जाएगी।

जानकारी

पुलिस के मामला दर्ज नहीं करने पर महिला ने किया था कोर्ट का रुख

SP कुमार ने बताया घटना के संबंध में पीड़िता पहले संबंधित थाने पर गई थी, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने जिला न्यायालय में मामले के संबंध में इस्तगासा पेश किया था। मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।