Page Loader
असम में बाढ़ से 89 लोगों की मौत, बिहार के भी 10 जिलों में घुसा पानी

असम में बाढ़ से 89 लोगों की मौत, बिहार के भी 10 जिलों में घुसा पानी

Jul 23, 2020
08:38 am

क्या है खबर?

असम में आई बाढ़ वीभत्स रूप लेती जा रही है। बुधवार को नए इलाकों में पानी घुसने से दो और लोगों की मौत हो गई। राज्य में अब तक कुल 26 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। बुधवार को बारिश के कारण उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के भी अलग-अलग इलाकों में पांच लोगों की मौत हुई है। वहीं बिहार भी बाढ़ की चपेट में घिरता जा रहा है। 10 जिलों में लगभग 4.5 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।

असम

26 जिलों के लोग बाढ़ से प्रभावित

बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित असम के 26 जिलों के लोग प्रभावित हुए हैं। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, मंगलवार तक 24 जिलों के 24.19 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए थे। बुधवार को दो अन्य जिलों में भी पानी घुस गया। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) ने बताया कि बुधवार को बारपेटा और मोरीगांव में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। इसके साथ ही राज्य में बाढ़ और भूस्खलन के कारण मरने वालों की संख्या 115 हो गई है।

असम

लाखों हैक्टेयर में खड़ी फसल पूरी तरह नष्ट

राज्य में हुई 115 मौतों में से 89 बाढ़ और 26 भूस्खलन के कारण हुई है। असम का गोलपारा बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित हुई है। यहां 4.68 लाख लोग बाढ़ के कहर का सामना कर रहे हैं। दूसरे स्थान पर बारपेटा (3,82 लाख लोग) और तीसरे स्थान पर मोरीगांव (3.08 लाख लोग प्रभावित) हैं। फिलहाल राज्य के 2.525 गांव बाढ़ में डूब चुके हैं और 1,15,515 हैक्टेयर में खड़ी फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है।

असम

काजीरंगा में 120 जानवरों की मौत

जलभराव के कारण काजीरंगा नेशनल पार्क में 120 जानवर मौत के मुंह में समा गए हैं, वहीं 147 को सुरक्षित बचा लिया गया है। इसके अलावा बाढ़ से 23,89,401 पालतू पशु प्रभावित हुए हैं। मीडिया में आ रही तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि लोगों के घर पूरी तरह पानी में डूब गए हैं। आधिकारिक बयान के मुताबिक, केंद्र सरकार बाढ़ प्रभावित असम के लिए 346 करोड़ रुपये की शुरुआती आर्थिक मदद जल्द ही राज्य सरकार को भेजेगी।

बिहार

बिहार में भी बाढ़ का कहर

असम के अलावा बिहार भी बाढ़ का प्रकोप झेल रहा है। यहां 10 जिलों के लगभग 4.5 लाख लोग इस कारण प्रभावित हुए हैं और 13,000 लोगों को विस्थापन करना पड़ा है। अभी तक राज्य में किसी की जान जाने की खबर नहीं है। कोसी, बुधी गंडक, कमला बालन और लाल बाकेया जैसी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जलभराव के कारण सीतामढ़ी, सुपौल, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज और खगड़िया आदि जिलों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ।

जानकारी

बिहार और असम में NDRF टीमें तैनात

राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के महानिदेशक एसएन प्रसाद ने कहा कि असम और बिहार में बाढ़ के देखते हुए टीमें तैनात कर दी गई हैं। असम में NDRF की 16 और बिहार में 20 टीमों को तैनात किया गया है।