डॉक्टरों ने युवक के पेट से नेलकटर, सिक्के, चाबियाँ और चिलम सहित निकालीं 50 चीज़ें
क्या है खबर?
अक्सर कई बार आपने भी इस तरह की घटनाओं के बारे में सुना होगा, जिसमें किसी व्यक्ति के पेट से अजीबो-गरीब चीज़ें निकलती हैं।
आए दिन इस तरह की कोई न कोई घटना देखने या पढ़ने को मिल ही जाती है।
हाल ही में एक ऐसी ही घटना राजस्थान के उदयपुर में देखने को मिली है, जिसने सबको हैरानी में डाल दिया है।
दरअसल, एक युवक के पेट से डॉक्टरों ने एक दो नहीं बल्कि 50 अलग-अलग चीज़ें निकाली हैं।
सर्जरी
सर्जरी कर पेट से निकाली गईं चीज़ें
जानकारी के अनुसार, उदयपुर के एमबी अस्पताल में शनिवार को सर्जरी का एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया।
डॉक्टरों ने वहाँ के सलूम्बर के रहने वाले 24 वर्षीय गजेंद्र नाम के एक युवक के पेट की सर्जरी की और 50 तरह की चीज़ें निकाली।
आपको जानकार काफ़ी हैरानी होगी कि युवक के पेट से जो चीज़ें निकलीं उसमें नेलकटर, चाबियाँ, सिक्के, चिलम के टुकड़े, लकड़ी की माला, अँगूठी, पिन, क्लिप आदि शामिल है।
नशा
नशे की हालत में निगली थी चीज़ें
बता दें कि इतनी चीज़ें पेट में होने के बाद भी युवक ज़िंदा था। हालाँकि, सर्जरी के बाद सफलतापूर्वक इन चीज़ों को निकालने के बाद अब वह पूरी तरह से स्वस्थ है।
सर्जरी करने वाले विभाग के अध्यक्ष डॉ. डीके शर्मा ने बताया कि युवक नशे का आदि था। वह शराब, चिलम, सहित कई तरह की नशीली चीज़ों का इस्तेमाल करता था।
डॉक्टर के अनुसार, युवक ने ये सभी चीज़ें नशे की हालत में ही निगली होंगी।
जानकारी
पेट का एक्स-रे करने के बाद पेट में दिखी चीज़ें
डॉ. शर्मा ने बताया कि 15 दिन पहले रोगी अस्पताल आया था और पेट दर्द, उल्टी होने और खाना न खा पाने की परेशानी बताई। इसके बाद युवक के पेट का एक्स-रे करवाया गया, तो पेट में कुछ चीज़ें दिखाई दीं।
बीमारी
युवक के पेट में हुआ है अल्सर
युवक के पेट में एक्स-रे से चीज़ें देखने के बाद पेन मैनेजमेंट कर सीटी स्कैन करवाया गया। जिससे उसके अमाशय में काफ़ी चीज़ें दिखाई दी।
इसके बाद पहले एंडोस्कोपि की गई, उसके बाद सर्जरी की गई। युवक की सर्जरी लगभग 90 मिनट तक चली।
इस दौरान युवक के पेट से 50 तरह की चीज़ें निकाली गई।
डॉ. शर्मा के अनुसार, ज़्यादातर चीज़ें उसके अमाशय और कुछ बड़ी आंत में मिलीं। इस वजह से उसे एक जगह अल्सर हुआ है।
मनोरोग
मनोरोग से ग्रसित है युवक
गजेंद्र की हरकतों और उसकी आदतों की वजह से डॉ. शर्मा ने बताया कि वह मनोरोग से ग्रसित है।
इस स्थिति में रोगी वो सब चीज़ें भी खा जाता है, जो खाने लायक नहीं होती हैं।
इस पूरे मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि युवक नेलकटर जैसी नुकीली चीज़ भी बिना किसी डर के निगल गया, जो उसके पेट में ही रही।
डॉ. शर्मा ने बताया कि यह एक अनोखा केस था।