Page Loader
UGC NET: राजनीति विज्ञान से परीक्षा दे रहे छात्र ऐसे करें तैयारी
UGC NET राजनीति विज्ञान परीक्षा की तैयारी (तस्वीरः पिक्साबे)

UGC NET: राजनीति विज्ञान से परीक्षा दे रहे छात्र ऐसे करें तैयारी

लेखन राशि
Mar 20, 2023
11:19 pm

क्या है खबर?

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) का आयोजन साल में 2 बार होता है। कुछ छात्र राजनीति विज्ञान से परीक्षा देते हैं। राजनीति विज्ञान का पाठ्यक्रम बड़ा है, ऐसे में कई उम्मीदवारों को लगता है कि पहले प्रयास में परीक्षा पास करना संभव नहीं है, लेकिन अगर उम्मीदवार तैयारी के दौरान कुछ बातों का ध्यान रखें तो पहली बार में सफलता मिल सकती है। यहां जानिए राजनीति विज्ञान विषय के छात्रों के लिए तैयारी के टिप्स।

पाठ्यक्रम

10 भागों में बांटा गया है पाठ्यक्रम 

UGC NET के लिए राजनीति विज्ञान के पाठ्यक्रम को 10 भागों में बांटा गया है। इसमें प्रमुख राजनीतिक सिद्धांत (स्वतंत्रता, न्याय, अधिकार, उदारवाद, अनुदारवाद), राजनीतिक विचारक (प्लेटो, अरस्तू, हॉब्स, रूसो, जॉन रॉल्स) पढ़ना जरूरी है। इसके अलावा राजनीतिक विश्लेषण, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, भारत में राजनीतिक संस्थाएं, राजनीतिक प्रतिक्रियाएं, लोक प्रशासन आदि खंड है। इसमें उपनिवेषवाद, राज्य सिद्धांत, संविधान, विकास, संयुक्त राष्ट्र, संघर्ष और शांति, समसामयिक चुनौतियां, विदेश नीति, न्यायपालिका, कार्यपालिका, सामाजिक आंदोलन, नागरिक समूह, विचारधारा, चुनावी राजनीति जैसे टॉपिक सम्मिलित हैं।

किताबें

राजनीति विज्ञान के लिए पढ़ें ये किताबें

UGC NET के पेपर 2 के लिए राजनीति विज्ञान की तैयारी कर रहे उम्मीदवार विश्वसनीय किताबों से पढ़ाई करें। अभ्यर्थी अरिहंत पब्लिकेशन की UGC NET GRF राजनीति विज्ञान, आर गुप्ता की NTA UGC NET राजानीति विज्ञान परीक्षा गाइड, हिमांशु रॉय की भारतीय राजनीतिक व्यवस्था किताब पढ़ें। इसके अलावा हिंदी मीडियम के छात्र प्रतियोगिता साहित्य की राजनीति विज्ञान पुस्तक, अरिहंत रुक्मिणी भट्टाचार्य की राजनीति विज्ञान, दिवाकर पब्लिकेशन की राजनीति विज्ञान इकाई-1 पुस्तकों का इस्तेमाल कर सकते हैं।

स्मार्ट वर्क

हार्ड वर्क के साथ स्मार्ट वर्क करें

परीक्षा में सफलता पाने के लिए उम्मीदवारों को हार्ड वर्क के साथ स्मार्ट वर्क करना होगा। चीजों को बेहतर ढंग से समझने के लिए अलग-अलग तरीकों का इस्तेमाल करें। तैयारी के घंटे गिनने की बजाय अपने अध्ययन की प्रभावशीलता जांचे। नोट करें कि एक दिन में आप कितना पढ़ते हैं और कितनी चीजें आपको याद रहती हैं। पढ़ाई के लिए सुबह या रात का समय निर्धारित करें और सरल विषय के साथ पढ़ाई की शुरुआत करें।

प्लान

पढ़ाई के बीच में ब्रेक लें

परीक्षा की तैयारी करते समय कई बार आप बोरियत महसूस करेंगे। कई बार आपका पढ़ाई में मन नहीं लगेगा। इससे बचने के लिए लगातार पढ़ने की अपेक्षा बीच-बीच में ब्रेक के साथ पढ़ाई की योजना बनाएं। जिस दिन पढ़ने का मन नहीं हो, उस दिन 50 मिनट पढ़ाई के बाद 10 मिनट का ब्रेक लें। पढ़ाई के बाद कुछ देर अपना पसंदीदा काम करें। इससे तनाव और परीक्षा के डर से दूर रहेंगे।

रिवीजन

शॉर्ट नोट्स बनाएं, रिवीजन करें

अपनी तैयारी की शुरुआत से ही पढ़ी गई चीज़ों के नोट्स तैयार करें, ये जानकारियों को सहेजने में मददगार रहेंगे। इन नोट्स को भी अपनी समझ और जानकारियों की मदद से संशोधित करते रहें। ध्यान रखें कि किसी विषय को केवल एक बार पढ़ने से काम नहीं चलेगा। परीक्षा में सफल होने के बाद हर विषय का बार-बार रिवीजन करें। प्रतिदिन की अध्ययन योजना में रिवीजन को समय दें, क्योंकि ये तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

समय प्रबंधन

समय प्रबंधन मजबूत करें

कई उम्मीदवार UGC NET राजनीति विज्ञान के पेपर को समय पर पूरा करने में विफल रहते हैं और घंटों पढ़ाई करने के बाद भी उन्हें सफलता नहीं मिलती। पेपर हल करने की स्पीड बढ़ाने के लिए मॉक टेस्ट लगाएं। मॉक टेस्ट किसी भी परीक्षा को पास करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इससे प्रश्नों को हल करने की स्पीड बढ़ने के साथ ही एक बेहतर रणनीति विकसित करने में मदद मिलती है। मॉक टेस्ट से समय प्रबंधन मजबूत होता है।