Page Loader
UGC NET: पहले प्रयास में पास करना चाहते हैं परीक्षा तो इस तरह करें तैयारी
UGC NET की तैयारी के लिए टिप्स (तस्वीरः फ्रीपिक)

UGC NET: पहले प्रयास में पास करना चाहते हैं परीक्षा तो इस तरह करें तैयारी

लेखन राशि
Mar 09, 2023
12:42 pm

क्या है खबर?

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) का आयोजन साल में 2 बार होता है। शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखने वाले युवा इस परीक्षा में भाग लेते हैं। परीक्षा पास करने के बाद उम्मीदवारों को कॉलेज और विश्वविद्यालयों में प्रोफेसर नियुक्त किया जाता है और अनुसंधान के लिए फैलोशिप भी मिलती है। अगर आप भी UGC NET की तैयारी करना चाहते हैं तो नीचे बताई गई टिप्स से मदद ले सकते हैं।

पैटर्न

UGC NET का परीक्षा पैटर्न

UGC NET परीक्षा में 2 पेपर होते हैं। इन दोनों पेपरों को हल करने के लिए 3-3 घंटे का समय दिया जाता है। दोनों पेपरों में भाग लेना आवश्यक है। दोनों पेपरों में वस्तुनिष्ठ सवाल होते हैं। पेपर 1 में 50 और पेपर 2 में 100 सवाल पूछे जाते हैं। दोनों पेपर कुल 300 अंक के होते हैं। पेपर केवल अंग्रेजी और हिंदी भाषा में ही होते हैं। परीक्षा में कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होती।

पाठ्यक्रम

पाठ्यक्रम को पूरा पढ़ें

UGC NET के पेपर 1 में शैक्षिक एप्टीट्यूड, रिसर्च एप्टीट्यूड, कम्युनिकेशन, लॉजिकल रीजनिंग, डाटा इंटरप्रिटेशन, पर्यावरण और शिक्षा प्रणाली आदि से संबंधित सवाल पूछे जाते हैं। पेपर 2 में पोस्ट ग्रेजुएशन विषय से संबंधित टॉपिक्स को पढ़ना होता है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे पाठ्यक्रम को पूरा पढ़ें और कोई भी टॉपिक न छोड़ें। UGC NET के पाठ्यक्रम के प्रत्येक टॉपिक को लगभग समान अंक दिए गए हैं। ऐसे में सभी टॉपिकों को कवर करना जरूरी है।

अध्ययन

सही अध्ययन सामग्री चुनें

UGC NET के लिए कई प्रकार की अध्ययन सामग्री आती है। बहुत सी जानकारियां ऑनलाइन उपलब्ध हैं। किताबें खरीदते वक्त सुनिश्चित करें कि वे परीक्षा के पाठ्यक्रम के अनुरूप हों। प्रत्येक विषय के लिए अध्ययन सामग्री अलग-अलग होना चाहिए, जैसे अंग्रेजी और रीजनिंग के लिए अलग-अलग किताब। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे प्रतिष्ठित प्रकाशन की विश्वसनीय किताबें ही खरीदें। अपनी तैयारी को मजबूत करने के लिए आप ऑनलाइन वीडियो और लाइव कक्षाओं की मदद ले सकते हैं।

योजना

समय प्रबंधन पर काम करें

किसी भी परीक्षा की तैयारी में समय प्रबंधन बेहद महत्वपूर्ण है। तैयारी में गतिशीलता बनाए रखने के लिए उचित अध्ययन योजना बनाएं। ध्यान रखें कि आपको पूरा पाठ्यक्रम कवर करना है, इसलिए प्रत्येक विषय के लिए अपना समय विभाजित करें। कठिन विषयों को पढ़ने में ज्यादा समय दें। सरल विषयों को कम समय में ही पूरा करने की कोशिश करें। पढने के साथ-साथ आपको रिवीजन और टेस्ट के लिए उचित समय देना होगा तो इसके अनुसार समय प्रबंधन करें।

मॉक टेस्ट

मॉक टेस्ट लगाएं

अपनी तैयारी को बेहतर बनाने और पहले ही प्रयास में परीक्षा पास करने के लिए UGC NET के पिछले सालों के पेपरों को हल करें। ज्यादा से ज्यादा मॉक टेस्ट लगाएं, इससे आप परीक्षा में पूछे जाने वाले प्रश्नों के प्रकार से परिचित हो जाएंगे। मॉक टेस्ट लगाने से आप अपने कमजोर और मजबूत क्षेत्रों की पहचान कर सकेंगे। जिस विषय में कम नंबर आएं, उनका ज्यादा अभ्यास करें। मॉक टेस्ट लगाने से आपका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।

जानकारी

करेंट अफेयर्स पर ध्यान दें

UGC NET की तैयारी के दौरान प्रतिदिन अखबार पढ़ें। इससे अलग-अलग मुद्दों को लेकर आपकी सोच विकसित होगी। अखबार पढ़ने से आप देश-दुनिया में चल रहे घटनाक्रमों से परिचित रहेंगे। अंग्रेजी अखबार पढ़ने से अंग्रेजी में सुधार होगा और नई शब्दावली सीख सकेंगे।

नोट्स

हर विषय के लिए अलग नोट्स बनाएं

किसी भी टॉपिक को पढ़ने के बाद उसके नोट्स जरूर बनाएं। इससे आपको रिवीजन करने और कॉन्सेप्ट को अच्छी तरह समझने में मदद मिलेगी। सूत्र सीखने और समीकरणों का अभ्यास करने में ये नोट्स काम आते हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे प्रत्येक विषय के लिए अलग-अलग व्यवस्थित नोट्स तैयार करें। इन नोट्स में महत्वपूर्ण तथ्यों, परिभाषाओं, समीकरणों को अंडरलाइन या हाईलाइट करें। कम महत्वपूर्ण और ज्यादा महत्वपूर्ण चीजों के लिए अलग-अलग रंग के हाईलाइटर उपयोग करें।