Page Loader
राजस्थानी भाषा से कर रहे हैं UGC NET की तैयारी तो काम आएंगे ये टिप्स
राजस्थानी भाषा से UGC NET की तैयारी (तस्वीरः फ्रीपिक)

राजस्थानी भाषा से कर रहे हैं UGC NET की तैयारी तो काम आएंगे ये टिप्स

लेखन राशि
Apr 28, 2023
06:15 pm

क्या है खबर?

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) को कई भाषाओं से देने का विकल्प उपलब्ध है। राजस्थानी भाषा भी UGC NET में प्रमुख विषय है। राजस्थानी पृष्ठभूमि से आए छात्र इस विषय से परीक्षा देते हैं। इस विषय से परीक्षा पास करना आसान है, इसमें प्रतिस्पर्धा भी कम होती है। आइए जानते हैं राजस्थानी भाषा का पाठ्यक्रम क्या है और परीक्षा पास करने के लिए उम्मीदवारों को कैसे तैयारी करनी चाहिए।

पाठ्यक्रम

राजस्थानी भाषा का पाठ्यक्रम क्या है?

राजस्थानी भाषा का पाठ्यक्रम अलग-अलग खंडों में बांटा गया है। खंड 1- राजस्थानी भाषा का उद्भव, विकास और बोलियां खंड 2- राजस्थानी व्याकरण खंड 3- राजस्थानी साहित्य, काल विभाजन और रूप परंपरा खंड 4- प्राचीन राजस्थानी साहित्य खंड 5- मध्यकालीन राजस्थानी साहित्य खंड 6- आधुनिक राजस्थानी काव्य खंड 7- आधुनिक राजस्थानी गद्य खंड 8- राजस्थानी लोक साहित्य की विविध विधाएं खंड 9- राजस्थानी लोक संस्कृति का सामान्य परिचय खंड 10- राजस्थानी काव्य शास्त्र

किताबें

कौनसी किताबें पढ़ें?

उम्मीदवार पद्मश्री सीतारम लालस की राजस्थानी व्याकरण और साहित्य का इतिहास, ठाकुर नाहरसिंह जसोल की राजस्थान री ऐतिहासिक बातां, दृष्टि की माय स्टेट राजस्थान, चंद्रकांता व्यास की राजस्थानी लोकगीत साहित्य, समाज और संस्कृति किताबों का इस्तेमाल कर सकते हैं। साहित्य, कहानी, नाटक, चित्रकला की जानकारी के लिए उम्मीदवार अलग-अलग किताबें ले सकते हैं। साहित्य और बोलियों के लिए हरदान हर्ष की किताब, राजस्थानी चित्रकला के लिए डॉक्टर जयसिंह नीरज की किताब का उपयोग कर सकते हैं।

महत्वपूर्ण 

किन टॉपिकों पर करें फोकस?

राजस्थानी साहित्य के अलग-अलग काल, महाकाव्य, खंडकाव्य, मुक्तककाव्य, ख्यात गद्य रूप, राजस्थानी साहित्य का ऐतिहासिक इतिहास, प्रमुख रचनाकार और उनकी रचनाओं को प्रमुखता से पढें। मध्यकालीन साहित्य में प्रमुख संत संप्रदाय, आधुनिक साहित्य में नई कविता, हास्य और व्याकरण प्रधान काव्य आदि पढ़ें। गद्य में कहानी, उपन्यास, नाटक, एकांकी, रेखाचित्र पर ध्यान दें। राजस्थानी लोकगीत, लोककथा, लोकगाथा, लोकनाट्य, मुहावरे, पहेलियां, लोकोत्सव, लोकदेवता, चित्र शैलियां, स्थापत्य कला, प्रमुख पुरस्कार, संस्थाएं, अंलकार, साहित्य सामान्य ज्ञान को अच्छी तरह याद करें।

तैयारी

सफलता के लिए ऐसे करें तैयारी

राजस्थानी साहित्य से UGC NET की तैयारी के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले पिछले साल के प्रश्नपत्रों का अध्ययन करना चाहिए। उम्मीदवार ज्यादा से ज्यादा मॉक टेस्ट को हल करें। मॉक टेस्ट हल करने से पढ़े हुए टॉपिकों के रिवीजन के साथ ही परीक्षा पैटर्न भी समझ पाएंगे। राजस्थानी साहित्य में कई सारे रचनाकारों और रचनाओं को याद करना होगा। इसके लिए अलग से संक्षिप्त नोट्स बनाएं। प्रमुख मुहावरे, लोकोक्तियों को अच्छी तरह समझ कर याद करें।

रचनाकार

अखबार पढ़ें

राजस्थान साहित्य से जुड़े समसामयिक विषयों को कवर करने के लिए प्रतिदिन अखबार पढ़ें। पाठ्यक्रम में राजस्थान साहित्य से जुड़े प्रमुख व्यक्ति, संस्थाएं, राज्य के अलग-अलग पुरस्कार से जुड़े विषय शामिल हैं। इन विषयो को कवर करने के लिए अखबार पढ़ना जरूरी है। राजस्थानी कार्यक्रमों की खबरें पढ़ें। राजस्थानी भाषा की बुनियादी अवधारणाओं को समझें। उम्मीदवार प्रत्येक दिन लक्ष्य बनाकर पढ़ाई करें। राजस्थानी न्यूज चैनलों को देखें और पत्रिकाओं को पढ़ें। इनमें बेहतर जानकारियां मिल सकेंगी।