Page Loader
UGC NET की तैयारी कर रहे उम्मीदवार रिवीजन के लिए अपनाएं ये तकनीक, याद रहेगा सबकुछ
UGC NET के लिए रिवीजन टिप्स (तस्वीरः फ्रीपिक)

UGC NET की तैयारी कर रहे उम्मीदवार रिवीजन के लिए अपनाएं ये तकनीक, याद रहेगा सबकुछ

लेखन राशि
Apr 03, 2023
09:51 am

क्या है खबर?

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) में सफल होने के लिए पढ़ाई के साथ रिवीजन बहुत जरूरी है। कई उम्मीदवार अधिकतर समय केवल पढ़ाई में निकाल देते हैं और पढ़ी हुई जानकारियों को रिवाइज नहीं करते, इससे परीक्षा में सफलता की संभावना कम हो जाती है। अगर आप भी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं तो रिवीजन को समय जरूर दें। आइए UGC NET की तैयारी के दौरान रिवीजन करने की कुछ खास तकनीक जानते हैं।

गैप

रोजाना रिवीजन को इतना समय जरूर दें

अधिकांश छात्र पूरे महीने भर पढ़ाई करते हैं और फिर 2-3 दिन रिवीजन करते हैं, लेकिन ये गलत है। हर दिन पढ़ाई के साथ पिछले दिन आपने जो पढ़ा है, उसका रिवीजन करने के लिए कम से कम आधा घंटा जरूर निकालें। रिवीजन तकनीक सीखने के बाद आप 15 मिनट में भी रिवीजन कर सकेंगे। रिवीजन करने के बाद आप संबंधित विषय के प्रश्नों को हल करके जरूर देखें, इससे पता चल सकेगा कि कितनी जानकारियां आपको याद हैं।

सिखाएं

दूसरों को सिखाएं

किसी भी पाठ का रिवीजन करने के लिए उसे दूसरों को सिखाएं। शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि जो छात्र दूसरों को सिखाते हैं, वे वास्तव में सभी जानकारियां अच्छे से याद रख पाते हैं। वे दूसरों को सिखाने के लिए खुद सभी पाठों को सटीक रूप से याद कर लेते हैं। अगर आपके पास पढ़ाने के लिए कोई दोस्त नहीं है तो खुद को एक शिक्षक की तरह समझाएं। इससे रिवीजन में मदद मिलेगी।

नोट्स

रिवीजन के लिए फ्लैश कार्ड और चार्ट का उपयोग करें

कभी-कभी पाठ्यक्रम में कुछ ऐसी जानकारियां होती हैं, जिन्हें याद करना बेहद मुश्किल होता है। ऐसी जानकारियों के लिए फ्लैश कार्ड, माइंड मैप और चार्ट का उपयोग करें। फ्लैश कार्ड को अपने स्टडी टेबल के ठीक सामने चिपकाएं, ताकि पढ़ते समय आपकी नजर वहां जाती रहे। माइंड मैप और निमॉनिक्स तकनीक का प्रयोग करके आप रिवीजन कर सकते हैं। कई उम्मीदवार रिवीजन के लिए यूट्यूब पर उपलब्ध शैक्षिक वीडियो का इस्तेमाल भी करते हैं।

रिवीजन

साप्ताहिक और मासिक रिवीजन का लक्ष्य बनाएं

UGC NET का पाठ्यक्रम बढ़ा है, इसलिए प्रतिदिन रिवीजन के साथ-साथ साप्ताहिक और मासिक रिवीजन की योजना बनाएं। अगर आप सोमवार से रविवार तक हर दिन पढ़ाई करते हैं तो रविवार के दिन नई जानकारियां पढ़ने की बजाय पुरानी जानकारियों का रिवीजन करें। शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि अगर आप चीज़ों को भूलना नहीं चाहते तो रिवीजन में 8 से 10 दिनों से अधिक का गैप नहीं होना चाहिए। रिवीजन के लक्ष्य को किसी भी हाल में पूरा करें।

नोट्स

रिवीजन के लिए नोट्स बनाएं

रिवीजन करने के लिए संक्षिप्त नोट्स जरूर बनाएं। हर टॉपिक को पढ़ने के बाद उनके महत्वपूर्ण प्वाइंट्स को लिख लें। कुछ विषय के नोट्स बनाते समय आपको अधिक गहराई में जाने की जरूरत हो सकती है। नोट्स में सभी जानकारियां लिखने की जरूरत नहीं है, केवल वही लिखें जो आप भूल सकते हैं या महत्वपूर्ण हैं। प्रत्येक विषय के पाठ्यक्रम में 10 खंड होते हैं। इन 10 खंडों के लिए अलग-अलग नोट्स बनाएं, ताकि सभी खंड का रिवीजन हो सके।