
वर्ल्ड स्कूल रैंकिंग: शीर्ष 10 में दिल्ली के 5 सरकारी स्कूल शामिल
क्या है खबर?
दिल्ली के पांच सरकारी स्कूलों को वर्ल्ड स्कूल रैंकिंग में भारत के शीर्ष 10 सरकारी स्कूलों में स्थान दिया गया है।
इस पर यहां के उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने गुरुवार को कहा कि यह प्रधानाचार्यों को प्रमुख संस्थानों में दिलाए गए प्रशिक्षण के कारण संभव हो पाया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने प्रधानाचार्यों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किए थे ताकि अन्य सरकारी स्कूल भी इस सूची में शामिल हो सकें।
रैंकिंग
'एजुकेशन वर्ल्ड इंडिया और सी फोर' ने तैयार की यह रैंकिंग
बता दें कि यह रैंकिंग एजुकेशन वर्ल्ड इंडिया ने सी फोर के साथ मिलकर तैयार की है।
रैंकिंग तैयार करने के लिए 11,458 लोगों से उनकी राय ली गई।
इन स्कूलों पर अपनी राय जाहिर करने वाले लोगों में देश के कई प्रतिष्ठित शिक्षाविद, स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावक, शिक्षक, प्रिंसिपल और छात्र शामिल थे।
शीर्ष 10 स्कूलों में दिल्ली के अलावा केरल, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़ और मध्य प्रदेश के स्कूल भी शामिल हैं।
दिल्ली
दिल्ली के 5 स्कूलों का शीर्ष 10 में शामिल होना गर्व की बात- सिसोदिया
एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिसोदिया ने कहा कि एजुकेशन वर्ल्ड द्वारा रैंकिंग में दो सरकारी स्कूलों ने राज्य सरकार के स्कूलों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया है जबकि तीन अन्य स्कूलों ने भी शीर्ष 10 की सूची में अपनी जगह बनाई है।
उन्होंने कहा कि यह बहुत गर्व की बात है और प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और छात्रों की कड़ी मेहनत का परिणाम है।
बयान
कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय जैसे प्रमुख संस्थानों में प्रधानाचार्यों को मिला था प्रशिक्षण
सिसोदिया ने इस मौके पर बताया कि इन स्कूलों के सभी प्रधानाचार्यों को भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) अहमदाबाद, कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय जैसे प्रमुख संस्थानों में विश्व स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया था।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्यों के लिए एक प्रशिक्षण कार्यक्रम बनाया गया है ताकि अन्य स्कूल भी विश्व स्तरीय बन सकें और देश के शीर्ष स्कूलों के साथ प्रतिस्पर्धा कर सकें।
बयान
देश के सभी शीर्ष 10 सरकारी स्कूल भविष्य में दिल्ली के सरकारी स्कूल हों- सिसोदिया
बता दें कि प्रेस वार्ता में देश के दिल्ली के इन 5 शीर्ष स्कूलों के प्रधानाचार्य भी मौजूद रहे, जिन्होंने स्कूल में लाए गए बदलाव का जिक्र किया।
सिसोदिया ने कहा कि वह चाहते हैं कि देश के सभी टॉप 10 सरकारी स्कूल भविष्य में दिल्ली के सरकारी स्कूल हों।
उन्होंने कहा, "हम इसे उन स्कूलों के प्रधानाचार्यों की मदद से करेंगे जो पहले ही प्रतिष्ठित सूची में अपना स्थान बना चुके हैं।"
लिस्ट
रैंक के आधार से देखें देश के शीर्ष 10 सरकारी स्कूलों के नाम
1) राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय, द्वारका, दिल्ली
2) राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय, यमुना विहार, दिल्ली
3) GVHSS गर्ल्स, कोझीकोड
4) वर्ली सीफेस मुंबई पब्लिक इंग्लिश स्कूल, मुंबई
5) ओडिशा आदर्श विद्यालय, गंजम, ओडिशा
6) जादवपुर विद्यापीठ, कोलकाता
7) गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकंडरी स्कूल, मनीमजरा, चंडीगढ़
8) गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकंडरी स्कूल, सेक्टर-16, चंडीगढ़
9) राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय, रोहिणी, दिल्ली
9) मॉडल स्कूल, टीटी नगर, भोपाल
9) राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय, सेक्टर-5, द्वारका, दिल्ली
10) राजकीय प्रतिभा विकाल विद्यालय, दिल्ली