Page Loader
भारत-पाकिस्तान तनाव का ई-कॉमर्स डिलीवरी पर असर, सीमावर्ती इलाकों में सेवाएं प्रभावित
भारत-पाकिस्तान तनाव का ई-कॉमर्स डिलीवरी पर असर (तस्वीर: फ्रीपिक)

भारत-पाकिस्तान तनाव का ई-कॉमर्स डिलीवरी पर असर, सीमावर्ती इलाकों में सेवाएं प्रभावित

May 09, 2025
03:40 pm

क्या है खबर?

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते संघर्ष का असर अब कई चीजों पर देखने को मिल रहा है। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और गुजरात जैसे सीमावर्ती इलाकों में ई-कॉमर्स डिलीवरी बाधित हुई है। कुछ जगहों पर आवाजाही सीमित हो गई है, जिससे डिलीवरी कंपनियों को दिक्कत आ रही है। डेल्हीवरी जैसी बड़ी लॉजिस्टिक्स कंपनी ने कहा कि उनकी सेवाएं अस्थायी रूप से प्रभावित हो सकती हैं और डिलीवरी में देरी हो सकती है।

 सुरक्षा 

कर्मचारियों की सुरक्षा सबसे जरूरी 

डेल्हीवरी ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में उनके कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा सबसे जरूरी है। कंपनी ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ ट्राई-सिटी के कुछ जिलों में गतिविधियां रोकी गई हैं। इसके चलते डिलीवरी शेड्यूल में बदलाव और देरी हो सकती है। कंपनियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जरूरत के अनुसार अपने कामकाज को बदल रही हैं ताकि सब सुरक्षित रह सकें।

सतर्कता 

हमले के बाद बढ़ी सतर्कता 

8 मई की रात पाकिस्तान द्वारा भारतीय सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइल से हमले की कोशिश के बाद सतर्कता बढ़ा दी गई है। स्कूल बंद कर दिए गए हैं, ब्लैकआउट किए गए हैं और अधिकारियों की छुट्टियां रद्द की गई हैं। कई राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मिसाइल और ड्रोन को भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने रोक दिया, लेकिन इससे डिलीवरी कंपनियों को काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है और कुछ सेवाएं धीमी हुई हैं।

अन्य

कुछ कंपनियां अब भी सामान्य काम पर 

कई इलाकों में डिलीवरी बाधित हुई है, लेकिन कुछ कंपनियों ने कहा कि वे अब भी सामान्य तरीके से काम कर रही हैं। एक अधिकारी ने बताया कि पंजाब, गुजरात और राजस्थान में कुछ जरूरी चीजों की कीमत थोड़ी बढ़ी है, लेकिन स्थिति चिंताजनक नहीं है। कुछ बुजुर्ग लोग जरूरी सामान जमा कर रहे हैं, जबकि युवा वर्ग सामान्य खरीदारी कर रहा है। क्विक कॉमर्स और फूड डिलीवरी सेवाएं अब भी अधिकतर जगहों पर सक्रिय हैं।