Page Loader
अमेजन कर सकती है 20,000 कर्मचारियों की छंटनी- रिपोर्ट
अमेजन अपने 20,000 कर्मचारियों की छंटनी करेगी

अमेजन कर सकती है 20,000 कर्मचारियों की छंटनी- रिपोर्ट

संपादन मुकुल तोमर
Dec 07, 2022
03:41 pm

क्या है खबर?

वैश्विक आर्थिक मंदी की आहत के बीच ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन आने वाले दिनों में करीब 20,000 कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है। कंप्यूटरवर्ल्ड नामक वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक, इस छंटनी के दौरान कंपनी के सभी विभागों से कर्मचारियों को निकाला जाएगा। इनमें डिस्ट्रीब्यूशन कर्मचारी, कॉर्पोरेट एक्जीक्यूटिव और टेक्नोलॉजी स्टाफ भी शामिल होंगे। बता दें कि वर्तमान में दुनियाभर में करीब 16 लाख लोग अमेजन में काम कर रहे हैं।

रिपोर्ट

रिपोर्ट में क्या कहा गया है?

रिपोर्टस के अनुसार, जिन कर्मचारियों की छंटनी की जाएगी, उन्हें 24 घंटे का नोटिस दिया जाएगा और कंपनी के करार नियमों के तहत उनका बकाया चुकाया जाएगा। बताया गया है कि अमेजन किसी खास विभाग को टारगेट कर सकती है और किसी खास लोकेशन पर इस कदम का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। जब से छंटनी की खबर सामने आई है, तब से कंपनी के कर्मचारियों में डर का माहौल है।

खबर

पहले आई थी 10,000 कर्मचारियों को निकाले जाने की खबर

इससे पहले नवंबर में भी एक रिपोर्ट सामने आई थी जिसमें अमेजन के 10,000 कर्मचारियों को निकालने की बात सामने आई थी। न्यूयॉर्क टाइम्स की इस रिपोर्ट के में दावा किया गया था कि अगर इतने कर्मचारी काम से निकाले गए तो यह अमेजन के इतिहास की सबसे बड़ी छंटनी होगी। रिपोर्ट में बताया गया था कि पिछली कुछ तिमाही कंपनी के लिए लाभदायक नहीं रही हैं और लागत में कटौती के लिए ये छंटनी की जा रही है।

कंपनी

दो दशकों में सबसे निचले स्तर पर है अमेजन की विकास दर

कोरोना वायरस महामारी के दौर में इतिहास में सबसे अधिक मुनाफा कमाने के बाद अमेजन को अब महंगाई के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। महंगाई में रिकॉर्ड इजाफे के कारण लोग पैसा खर्च करने से बच रहे हैं और इस कारण अमेजन की वृद्धि पिछले दो दशक में सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है। कंपनी ने छुट्टियों के मौसम में भी वृद्धि धीमी होने की आशंका जताई है।

छंटनी

ये कंपनियां भी कर चुकी हैं बड़े पैमाने पर छंटनी

अपनी वित्तीय स्थिति को ठीक करने और वैश्विक मंदी की तैयारी के लिए अमेजन से पहले ट्विटर, मेटा और माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियां भी छंटनी कर चुकी हैं। ट्विटर ने अपने 50 प्रतिशत स्थायी स्टाफ की छुट्टी कर दी थी और कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले लगभग 4,400 कर्मचारियों का कॉन्ट्रैक्ट भी खत्म कर दिया था। फेसबुक ने लगभग 11,000 कर्मचारियों की छंटनी की थी, जबकि माइक्रोसॉफ्ट ने अपने लगभग 1,000 कर्मचारी निकाले हैं।

आर्थिक मंदी

न्यूजबाइट्स प्लस

अक्टूबर में जारी अपनी रिपोर्ट में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने वैश्विक मंदी की आशंका व्यक्त की थी। इस रिपोर्ट में कहा गया था कि महामारी के चरण को छोड़ दें तो साल 2001 के बाद से फिलहाल वैश्विक विकास दर सबसे कमजोर है। यह अनुमान सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में मंदी की स्थिति को दर्शाता है। IMF अधिकारियों ने कहा था कि 2023 में वैश्विक अर्थव्यवस्था में एक तिहाई से अधिक की गिरावट आने का खतरा बढ़ गया है।