Page Loader
पाकिस्तान: सोने की जगह दुल्हन ने पहने टमाटर के गहने, बताई ये वजह; देखें वीडियो

पाकिस्तान: सोने की जगह दुल्हन ने पहने टमाटर के गहने, बताई ये वजह; देखें वीडियो

Nov 20, 2019
12:06 pm

क्या है खबर?

सोशल मीडिया के इस दौर में आए दिन कोई न कोई वीडियो वायरल हो जाता है। आजकल सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की दुल्हन का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। इसकी वजह कुछ और नहीं बल्कि दुल्हन द्वारा पहने गए गहने हैं। दरअसल, इस पाकिस्तानी दुल्हन ने सोने की जगह टमाटर और पाइन नट (चिलगोजे) के गहने पहने हुए थे। इसकी वजह पूछने पर उसने बड़े ही मज़ेदार जवाब दिए। आइए जानें।

वजह

पाकिस्तान में टमाटर के लिए हो रही है मारामारी

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यह मामला पाकिस्तान के पेशावर का है, जहाँ की एक दुल्हन को अपनी शादी में सोने की जगह टमाटर के गहने पहने हुए देखा गया। इसके बारे में दुल्हन सादगी से कहती हैं कि आजकल सोने के साथ ही टमाटर और चिलगोजे की क़ीमतें आसमान छू रही हैं। उनके देश में टमाटर के लिए मारामारी हो रही है। इस वजह से उन्होंने सोने की जगह टमाटर पहनने का फ़ैसला किया।

जानकारी

पाकिस्तानी पत्रकार नैला इनायत ने शेयर किया वीडियो

बता दें कि एक पाकिस्तानी मीडिया चैनल द्वारा बनाई गई टमाटर वाली दुल्हन की इस वीडियो क्लिप को पाकिस्तानी पत्रकार नैला इनायत ने शेयर किया है। वीडियो में साफ़-साफ़ देखा जा सकता है कि एक दुल्हन पारंपरिक सोने के गहनों की बजाय टमाटर के गहने पहने हुए है। वो उसके बारे में बात भी करती है। दुल्हन ने हार, चूड़ियाँ, माँग टीका और बालियों की जगह टमाटर पहने हुए हैं, जो सबसे अलग लग रहा है।

सवाल

एंकर ने दुल्हन से पूछे सवाल

एंकर दुल्हन को शादी की बधाई देने के बाद पूछता है कि उन्होंने टमाटर क्यों पहने हैं? इस पर दुल्हन कहती है कि इस समय उनके देश में टमाटर और चिलगोजे की कीमत सोने के बराबर चल रही है। इसलिए, उन्होंने सोने की जगह टमाटर और चिलगोजे के गहने पहने हुए हैं। आगे जब एंकर पूछता है कि चिलगोजे कहाँ है? तो दुल्हन शगुन वाला एक लिफ़ाफा खोलती हैं और चिलगोजे निकालकर दिखाती हैं।

ट्विटर पोस्ट

पाकिस्तानी दुल्हन का वायरल वीडियो

उपहार

उपहार में मिली हैं टमाटर से भरी तीन पेटियाँ

इस बारे में दुल्हन कहती है कि ये उसे बड़े भाई ने सलामी (शादी का तोहफ़ा) के तौर पर भेजे थे। दुल्हन ने बताया कि उसके चाचा-चाची और चचेरे भई सभी ने उसे उपहार के रूप में चिलगोजे भेजे थे। पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था की हालत बयां करते हए दुल्हन कहती है कि उसे अपने माता-पिता के घर से उपहार के रूप में टमाटर से भरी तीन पेटियाँ मिली हैं। बता दें कि यह अपनी तरह का शायद पहला मामला है।

पाकिस्तान

आर्थिक मंदी का सामना कर रहा है पाकिस्तान

बता दें कि पाकिस्तान आर्थिक मंदी के दौर से गुजर रहा है और वहाँ इस समय टमाटर की कीमत 320 रुपये/किलो (पाकिस्तानी रुपया) तक है। इसके अलावा वहाँ टमाटर लूटने की भी कई घटनाएँ सामने आ चुकी हैं। यही वजह है कि किसानों ने महँगे हो चुके फल और सब्ज़ियों को बचाने के लिए हथियारबंद सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए हैं। पाकिस्तान में इस समय लगभग हर चीज़ की कीमत आसमान छू रही है।