
#NewsBytesExplainer: कितने तरह के होते हैं गाड़ियों के पहिये? जानिए इनके फायदे और नुकसान
क्या है खबर?
अपनी कारों की ओर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए ऑटो कंपनियां नए-नए फीचर्स वाली कारें लाती हैं। आजकल बाजार में आ रही कारों में अलग-अलग तरह के व्हील देखने को मिलते हैं। हालांकि, कई ग्राहकों को इनके फायदे और नुकसान आदि के बारे में नहीं पता होता है। वे अलॉय, स्टील या क्रोम व्हील में से बेहतर विकल्प नहीं चुन पाते। ऐसे में आज हम कार गाइड में आपके लिए गाड़ियों के उपलब्ध अलग-अलग व्हील्स की जानकारी लाए हैं।
#1
स्टील व्हील
स्टील व्हील दुनियाभर में सबसे अधिक इस्तेमाल होने वाले पहियों में से एक हैं। अधिकांश कम बजट वाले वाहनों के बेस मॉडल में स्टील व्हील्स का ही इस्तेमाल किया जाता आ रहा है। स्टील व्हील की खासियत होती है कि वे अलॉय व्हील से ज्यादा मजबूत होते हैं और ज्यादा समय तक चलते हैं। हालांकि, वजन में भारी होने के कारण इन्हें हैंडल करना मुश्किल होता है, जिससे कार की परफॉर्मेंस पर असर पड़ता है।
#2
अलॉय व्हील
अयॉल व्हील एल्युमीनियम और मैग्नीशियम के मिश्रण से बनते हैं। ये विभिन्न डिजाइन में उपलब्ध हैं। साथ ही इनमें जरूरत के अनुसार कस्टमाइज करने का ऑप्शन भी होता है। अलॉय व्हील का पहला फायदा यह है कि हल्के होने के कारण ड्राइविंग के दौरान इन्हें हैंडल करने में आसानी होती है। गाड़ियों में अलॉय व्हील के लिए अधिक पैसे देने होते हैं, वहीं एक बार ये खराब हो जाएं तो इन्हें रिपेयर भी नहीं कराया जा सकता।
#3
मल्टी-पीस व्हील
मल्टी-पीस पहियों का निर्माण 2 या 3 कॉम्पोनेन्ट का उपयोग करके किया जाता है। इसमें व्हील फेस और रिम का उपयोग होता है, जो व्हील के बीच की परिधि के चारों ओर रिम स्क्रू के साथ फिट होते हैं। फिटिंग को सुरक्षित करने के लिए उन पर सीलेंट लगाया जाता है। बता दें, मल्टी-पीस व्हील से गाड़ियों को प्रीमियम लुक मिलता है, लेकिन ये बाजार में उपलब्ध सिंगल-पीस पहियों की तुलना में भारी और कमजोर होते हैं।
#4
क्रोम व्हील
बाजार में अधिकांश सस्ते पहियों को जंग से बचाने के लिए इनमें पेंट का इस्तेमाल किया जाता है, वहीं महंगे पहिये की सतह पर जंग से बचाने के लिए क्रोमियम की एक परत का उपयोग किया जाता है। इसे क्रोम व्हील नाम से जाना जाता है। जो लोग अपने वाहन को आकर्षक दिखाना पसंद करते हैं, वे क्रोम पहियों इस्तेमाल करते हैं। कई बार पानी के संपर्क में आने से यह परत हट जाती है।
#5
डायमंड कट अलॉय व्हील्स
'डायमंड कट' मिक्स्ड मेटल के पहिये को दी गई एक प्रकार की फिनिश है, जो इसे अलग लुक प्रदान करती है। यह फिनिशिंग पेंट किए गए पहिये पर एक विशेष मशीन के माध्यम से की जाती है। डायमंड कट अलॉय व्हील में ड्यूल-टोन फिनिश की जाती है। ये सबसे प्रीमियम अलॉय व्हील्स होते हैं और इनका इस्तेमाल वाहनों के टॉप मॉडल में किया जाता है। ये महंगे होते हैं और खराब होने पर इन्हे बदलवाना पड़ता है।
#6
फोर्ज्ड और कास्ट व्हील्स
यदि आप आफ्टरमार्केट पहिये खरीद रहे हैं तो आपको फोर्ज्ड और कास्ट व्हील्स के विकल्प देखने को मिलते हैं। फोर्ज्ड रिम्स का निर्माण ठोस एल्यूमीनियम के केवल एक टुकड़े को व्हील रिम्स के आकार में बनाकर किया जाता है। दूसरी ओर कास्ट व्हील्स का निर्माण एल्यूमीनियम का उपयोग करके किया जाता है। बता दें कि ये दोनों पहिये अलग-अलग सेगमेंट और हर बजट में आसानी के बाजार में उपलब्ध हैं। हालांकि, ये गाड़ी की परफॉरमेंस बिगाड़ सकते हैं।
#7
रेप्लिका OEM व्हील्स
रेप्लिका OEM व्हील्स का निर्माण ज्यादातर लोकल ऑटो पार्ट्स बनाने वाली कंपनियां करती हैं, जो लगभग हर तरह की गाड़ियों के लिए फर्स्ट कॉपी व्हील्स बनाती हैं। ऐसे पहिये आपको इंटरनेट या किसी ऑटोमोबाइल पार्ट्स के दुकान पर मिल जायेंगे। यहां आपको कम दाम में किसी भी गाड़ी के टॉप मॉडल के व्हील्स आसानी से मिल जाते हैं। हालांकि, इनका निर्माण लोकल कंपनियां करती हैं। इस वजह से इनकी गुणवत्ता खराब भी हो सकती है।