Page Loader
वाहनों से क्यों निकलता है अलग-अलग रंग का धुआं और किस धुएं का क्या मतलब?
वाहन से क्यों निकलता है अलग-अलग रंग का धुआं (तस्वीर: पिक्साबे)

वाहनों से क्यों निकलता है अलग-अलग रंग का धुआं और किस धुएं का क्या मतलब?

लेखन अविनाश
Apr 09, 2023
06:04 pm

क्या है खबर?

क्या आपने कभी वाहनों से निकलने वाले धुएं के रंग पर ध्यान दिया है? किसी कार या बाइक में इसका रंग काला, नीला, ग्रे या सफेद होता है। किसी भी वाहन के एग्जॉस्ट से निकलने वाले धुएं का रंग काफी हद तक उसके इंजन की स्थिति को बताता है। इसलिए हम आपको बता रहे हैं कि वाहन से निकलने वाले अलग-अलग रंग के धुएं के आने का क्या कारण है और ऐसे में आपको क्या करना चाहिए।

#1

काला धुआं 

गाड़ियों में काला धुआं एयर फ्यूल रेशो (AFR) में असंतुलन के कारण होता है। इंजन के अंदर जहां ईंधन जलता है, वहां जब लीकेज होने लगती है तो वाहन के धुएं का रंग काला हो जाता है। बता दें कि घिसे हुए नोजल के कारण फ्यूल इंजेक्टर का रिसाव होने के चलते भी ये समस्या हो सकती है। अगर अपनी बाइक या कार से काला धुआं निकल रहा है तो तुरंत किसी मैकेनिक से इंजन की जांच करवाएं।

#2

सफेद धुआं 

किसी भी वाहन से निकलने वाला सफेद धुआं गाड़ी या बाइक के लिए खराब माना जाता है। यह तब होता है, जब बाइक को ठंडा रखने के लिए डाला जाने वाला कूलेंट लीक होने लगे। कूलेंट लीक होने से इंजन अधिक तेजी से गरम होने लगता है और इस वजह से वाहन में से सफेद धुआं निकलने लगता है। अगर अपनी कार या बाइक से सफेद धुआं निकल रहा है तो तुरंत किसी मैकेनिक के पास जाना चाहिए।

वजह

इस वजह से भी निकलता है सफेद धुआं 

अगर आप सुबह में अपनी गाड़ी को स्टार्ट करते हैं और उससे सफेद धुआं निकलता है तो यह कंडेंशन की वजह से हो सकता है। इस स्थिति में कार के एग्जॉस्ट से निकलने वाली गर्म गैस बाहर की ठंडी हवा से मिलकर ऐसा करती है। यह पूरी तरह से सामान्य प्रतिक्रिया है। हालांकि, इस पर भी ध्यान देना चाहिए कि कार स्टार्ट होने के थोड़े देर बाद इसकी मात्रा कम हो रही है या नहीं।

#3

नीला धुआं

गाड़ियां के धुएं का रंग नीले में तब बदलने लगता है, जब गाड़ी या तो पुरानी हो जाये या फिर इसके इंजन में कुछ खराबी आ जाये। नीले धुएं का मुख्य कारण इंजन में अधिक मात्रा में तेल का जलना है। यह इंजन के पार्ट्स में खराबी की और इशारा करती है। अगर इंजन के पिस्टन या वाल्व में किसी तरह की खराबी आ जाती है या ये टूट जाते हैं तो वाहन से नीला धुआं निकलता है।

#4

ग्रे धुआं 

ग्रे धुआं इंजन में अधिक इंजन ऑयल के जलने के कारण निकलता है। पॉजिटिव क्रैंककेस वेंटिलेशन (PCV) वाल्व में खराबी के कारण भी वाहन से ग्रे रंग का धुआं निकलता है। बता दें कि PVC इंजन के निचले हिस्से से ऊपर के हिस्से तक बिना जले ईंधन को खीचता है। यह इंजन ऑयल की खपत को कम करने के लिए बेहद जरूरी है। इसलिए अगर आपकी गाड़ी से ग्रे धुआं निकल रहा है तो इंजन PVC की जांच जरूर करवाएं।

इंजन

ग्रे धुएं से इंजन सीज होने का भी रहता है खतरा

कंबशन चेम्बर में सामान्य तौर पर ईंधन पाई जाती है और अगर इस जगह पर किसी भी अन्य तरह का तेल नजर आता है तो इसका मतलब है कि यह कही से लीक हो रहा है। ऐसे में भी गाड़ी से ग्रे धुआं निकलता है। यह बहुत ही चिंताजनक स्थिति है क्योंकि इससे इंजन सीज हो सकता है। इससे बचने के लिए अच्छे तेल का इस्तेमाल करना चाहिए, जो अधिक गर्म न हो और लीक नहीं कर सकें।