Page Loader
जापान: टोक्यो छोड़कर बाहर बसने पर सरकार दे रही 6 लाख रुपये, जानें वजह
जापान सरकार दे रही टोक्यो छोड़ने के लिए 6 लाख रुपये

जापान: टोक्यो छोड़कर बाहर बसने पर सरकार दे रही 6 लाख रुपये, जानें वजह

लेखन नवीन
Jan 04, 2023
06:12 pm

क्या है खबर?

जापान सरकार ने राजधानी टोक्यो से बाहर जाकर बसने वाले परिवारों को प्रति बच्चे के हिसाब से 10 लाख येन (छह लाख रुपये से अधिक) देने की पेशकश की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले सरकार इस योजना के तहत प्रति बच्चे के लिए तीन लाख येन देती थी, जिसे अब तीन गुना कर दिया गया है। नई दरें अप्रैल से लागू होंगी। सरकार टोक्यो के बाहरी क्षेत्रों में कम हो रही जनसंख्या को बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।

कारण

टोक्यो में जनसंख्या घनत्व कम करना चाहती है सरकार

गार्जियन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कोरोना वायरस महामारी के बाद पिछले साल टोक्यो की आबादी में थोड़ी सी कमी आई थी, इसके बावजूद जापान की सरकार लोगों को राजधानी के बाहर दूरदराज के इलाकों में बसाना चाहती है। सरकार टोक्यो का जनसंख्या घनत्व कम करने के लिए लोगों को दूसरी जगह बसा रही है। योजना का उद्देश्य टोक्यो और ओसाका शहरों में बसे प्रवासियों को बाहरी इलाकों में बसने के लिए प्रोत्साहित करना है।

योजना

लाभ के लिए परिवार का 5 साल तक बाहर रहना अनिवार्य

अधिकारियों ने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए परिवारों को टोक्यो क्षेत्र से बाहर शिफ्ट होना होगा। कुछ परिवारों को टोक्यो के बाहरी पहाड़ी क्षेत्रों में स्थानांतरित होने पर भी लाभ मिल सकता है। उन्होंने कहा कि इस योजना में लगभग 1,300 नगरपालिकाओं को शामिल किया गया है और इस दौरान परिवारों को अपने नए घरों में कम से कम पांच साल तक रहना होगा और अवधि पूरी न होने पर उन्हें राशि लौटानी होगी।

शर्तें

इस योजना के लिए कौन होंगे पात्र?

रिपोर्ट के मुताबिक, यह योजना उन परिवारों के लिए जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और जिन परिवारों में एक या एक से ज्यादा बच्चे हैं। सरकार की यह योजना अभी भी लागू है और इन परिवारों को प्रति बच्चे पर मौजूदा तीन लाख येन की मदद की जा रही है। इस योजना के लिए पात्र बच्चों के माता-पिता को कोई इनकम टैक्स नहीं देना होगा और घर के एक सदस्य का नई जगह काम या कारोबार करना अनिवार्य है।

योजना

2027 तक ग्रामीणों क्षेत्रों में 10,000 लोगों को बसाने की योजना

निक्केई की रिपोर्ट के अनुसार, इस योजना के फंड में आधा योगदान केंद्र सरकार और आधा योजना नगरपालिकाओं और स्थानीय इकाइयों का रहेगा। यह योजना साल 2019 में लॉन्च हुई थी, लेकिन इसने बहुत अधिक लोगों को अपनी ओर आकर्षित नहीं किया। साल 2021 में 1184, 2020 में 290 और 2019 में 71 परिवारों ने इस योजना का लाभ उठाया था। सरकार को उम्मीद है कि 2027 तक 10, 000 लोगों को ग्रामीण क्षेत्रों में बसा दिया जाएगा।

आंकड़े

जापान की आबादी में हो रही गिरावट

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, साल 2020-21 में जापान की आबादी में 6.44 लाख की गिरावट दर्ज की गई है। अगले 43 साल में देश की आबादी में 30 प्रतिशत गिरावट आने की आशंका है। अभी देश की आबादी 12.5 करोड़ है और 2065 तक 8.8 करोड़ हो सकती है। जापान में 2021 में 8.11 लाख के करीब बच्चों ने जन्म लिया और यह साल 1899 के बाद जन्म का सबसे कम आंकड़ा है।